साइकिल में बाइक की टक्कर लगने से सड़क पर गिरी छात्रा को कंटेनर ने रौंदा Kannauj News
स्कूल से पढ़कर लौट रही थी घर गुस्साई भीड़ ने कंटेनर में पथराव कर आग लगाने का किया प्रयास।
कन्नौज, जेएनएन। बाइक की टक्कर लगने से सड़क पर गिरी साइकिल सवार छात्रा को कंटेनर ने कुचल दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने कंटेनर पर पथराव कर आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने भागे कंटेनर चालक को पकड़ लिया।
कोतवाली छिबरामऊ के गांव सरायगूजरमल नई बस्ती निवासी कल्लू कठेरिया की 11 वर्षीय पुत्री आरती उर्फ अन्नू पश्चिमी बाईपास के निकट स्थित सरस्वती विद्यालय में पढ़ती थी। गुरुवार को छुट्टी होने के बाद साइकिल से घर वापस जा रही थी। उसके साथ विद्यालय के कुछ अन्य छात्र भी थे। पश्चिमी बाईपास पर एक बाइक का हैंडल आरती की साइकिल में लग गया। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई। इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर का पहिया छात्रा के ऊपर से निकल गया।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भीड़ जुटती देख चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। इधर लोगों ने कंटेनर पर पथराव कर आग लगाने का प्रयास किया। इसी बीच पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने बाद में चालक को हिरासत में ले लिया। निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप