विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूपी के इस जिले में 305 करोड़ की लागत से बनेगा फोरलेन रेलवे ओवरब्रिज, शासन ने दी मंजूरी

Published: Mon, 17 Mar 2025 02:18 PM (IST)

Railway OverBridge In Kanpur कानपुर के पनकी पड़ाव रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को मंजूरी मिल गई है। 305 करोड़ ...और पढ़ें

पनकी पड़ाव क्रासिंग में लगा जाम। जागरण
पनकी पड़ाव क्रासिंग में लगा जाम। जागरण

HighLights

  1. शासन की वित्त व्यय समिति ने 305 करोड़ रुपये की दी स्वीकृति
  2. फोरलेन होगा रेलवे ओवर ब्रिज, सेतु निगम कराएगा निर्माण कार्य

जागरण संवाददाता, कानपुर। शासन की वित्त व्यय समिति ने पनकी पड़ाव रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को हरी झंडी दिखा दी है। 305 करोड़ रुपये के बजट से इस फोरलेन आरओबी का निर्माण होगा। इससे इटावा, झांसी, हमीरपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता सुगम हो जाएगा।

अभी ये वाहन पनकी पड़ाव क्रासिंग से होते हुए कल्याणपुर की ओर आते हैं लेकिन उन्हें क्रासिंग बंद होने की वजह से जाम का सामना करना पड़ता है। आरओबी निर्माण से क्षेत्र की पांच लाख से ज्यादा आबादी को राहत मिलेगी।

पनकी पड़ाव आरओबी निर्माण की बीते कई वर्षों से मांग की जा रही थी। बजट के अभाव में प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिल पाती थी। सेतु निगम ने 1197.415 मीटर लंबे और साढ़े सात मीटर चौड़े आरओबी निर्माण के लिए 308 करोड़ 33 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा था।

शासन ने 305 करोड़ की धनराशि पर लगाई मुहर

शासन की वित्त व्यय समिति ने अब बजट में आंशिक कटौती करते हुए 305 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस वित्तीय वर्ष में केवल इसी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए स्वीकृति मिली है, जबकि सेतु निगम ने शहर के लिए पांच आरओबी के प्रस्ताव भेजे थे।

गोविंद नगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि वह बीते छह से इस आरओबी के लिए तीन बार सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। रविवार को प्रमुख सचिव वित्त की ओर से आरओबी निर्माण की स्वीकृति के संबंध में मैसेज भेजकर जानकारी दी गई। इसके बाद विधायक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

जाम से मिलेगी निजात

पनकी पड़ाव क्रासिंग से 200 से अधिक ट्रेनों और 100 से अधिक मालगाड़ियों का आवागमन होता है। इसके चलते दिनभर जाम लगा रहता है। जाम से बचने के लिए वाहन चालक पनकी भाटिया तिराहा होते हुए पनकी मंदिर से कल्याणपुर की ओर जाते हैं। इस आरओबी के निर्माण से जाम की बड़ी समस्या दूर हो जाएगी।

वाई आकार का होगा डिजाइन

पनकी पड़ाव आरओबी का डिजाइन वाइ आकार का होगा। आरओबी का एक हिस्सा कल्याणपुर की तरफ से नारायना मेडिकल कालेज की ओर जाने वाले तिराहे के पास से शुरू होगा और क्रासिंग को पार करने के बाद इसका एक सिरा न्यू ट्रांसपोर्ट नगर तो दूसरा स्टील अथारिटी आफ इंडिया की तरफ मुड़ेगा। पनकी की ओर से आने वाले वाहन न्यू ट्रांसपोर्ट नगर की ओर चले जाएंगे, वहीं यहां से जिन वाहनों को कल्याणपुर की ओर जाना है वे सीधे चले जाएंगे।

सेतु निगम, मुख्य परियोजना प्रबंधक, बीके सेन ने बताया

शासन की वित्त व्यय समिति ने पनकी पड़ाव रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए संस्तुति प्रदान कर दी है। शासनादेश आने के बाद टेंडर प्रक्रिया को पूरा कराया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: सब्‍जी वाले को द‍िल दे बैठी दो बच्‍चों की मां, होली पर बुलाया घर... फ‍िर हुआ कुछ ऐसा की सब रह गए दंग