यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ब्रिटिश जमाने का एक और नाला मिला
सीसामऊ नाला बंदी के दौरान जल निगम अभियंताओं को अंग्रेजों के जमाने एक और नाला ग्वालटोली में मिला।

जागरण संवाददाता, कानपुर : सीसामऊ नाला बंदी के दौरान जल निगम अभियंताओं को अंग्रेजों के जमाने एक और नाला ग्वालटोली में मिला। यह नाला सीसामऊ नाले के साथ मिलकर गंगा में गिर रहा है। इसके चलते बुधवार को भी सीसामऊ नाला नहीं बंद हो पाया। जल निगम के अभियंताओं ने दावा किया है कि तीन दिन में सीसामऊ नाला बंद कर दिया जाएगा।
कुंभ मेला की तिथि करीब आने के साथ ही अफसरों की चिंता बढ़ती जा रही है। 15 दिसंबर से गंगा में गिर रहे सभी नालों को बंद किया जाना है लेकिन सबसे बड़ा और ऐतिहासिक सीसामऊ नाला अभी तक बंद नहीं हो पाया है। 27 नवंबर को जल निगम अभियंताओं ने सीसामऊ नाला मोड़ने का काम शुरू किया था। तीन पंप चलाकर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट जाजमऊ तक दूषित पानी भेजा जा रहा है। हालांकि बुधवार तक नाला बंद नहीं हो पाया।
क्षमता से ज्यादा एसटीपी पहुंचा पानी
बुधवार को सुबह से ही तीनों पंप चलाए गए। इस दौरान दोपहर तक करीब आठ करोड़ लीटर दूषित पानी एसटीपी जाजमऊ पहुंचा जबकि सीसामऊ नाले की क्षमता 5.6 करोड़ लीटर आंकी जा रही थी। ज्यादा पानी पहुंचने के बाद भी सीसामऊ नाला बंद न होने पर अभियंताओं ने पानी का स्त्रोत ढूंढ़ना शुरू किया।
ग्वालटोली पुलिया के पास मिला नाला, बंद होने का काम शुरू
ग्वालटोली पुलिया के पास अंग्रेजों के जमाने का नाला मिला। जो सीसामऊ नाला में मिलकर गंगा में गिर रहा था। इसे मोड़ने का काम देर शाम शुरू कर दिया गया।
जलकल का भी पहुंच रहा था पानी, दी नोटिस
जलकल मुख्यालय बेनाझाबर में शोधन के बाद निकला पानी नाले के माध्यम से छोड़ा जा रहा था। यह पानी सीसामऊ नाला में मिल रहा था। जांच में पकड़ में आया। इस बाबत जल निगम ने जलकल महाप्रबंधक को नोटिस भेजा है कि दूषित पानी को रीसाइकिल करके प्रयोग करे। अगर डालना पड़े तो जल निगम को जानकारी दें ताकि उसे शोधन के लिए भेजा जा सके।
30 तक बंद करने का किया दावा
जल निगम महाप्रबंधक आरके अग्रवाल ने बताया कि 30 नवंबर तक नाला बंद कर दिया जाएगा। सीसामऊ नाला मोड़ने का काम चल रहा है। अभी नाले से गंगा में पानी गिर रहा है।
पीएमओ और अमृत योजना के अफसरों ने किया निरीक्षण
प्रधानमंत्री कार्यालय के एक अफसर बुधवार दोपहर में सीसामऊ नाला देखने पहुंचे। इस दौरान नाला बंदी के काम की जानकारी ली। साथ ही अब तक की प्रगति नोट की और फोटोग्राफ भी लिए। इस दौरान सिर्फ इतना ही परिचय दिया कि वह पीएमओ से आए है। इसके अलावा अमृत योजना के लखनऊ डिवीजन से नीरज पांडेय ने नाले की प्रगति की जानकारी ली। महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने भी नाला देखा। साथ ही अफसरों को नाला जल्द बंद कराने के आदेश दिए।
