आइआइटी में आएंगी देश की पहली महिला फार्मूला रेसर मीरा इरडा
आइआइटी में चार से सात अक्टूबर तक उद्घोष का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश भर के 250 से अधिक तकनीकी संस्थानों के 2500 से ज्यादा खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। आइआइटी में खेलों के महाकुंभ उद्घोष 2018 में भारत की पहली महिला फार्मूला रेसर मीरा इरडा शिरकत करेंगी। वह छात्र-छात्राओं से मुखातिब होंगी। आयोजक उनकी हवा से बातें करनी वाली स्टाइल और तकनीक को प्रदर्शित करने की तैयारी कर रहे हैं। उद्घोष में इंडियन ओसन बैंड का तड़का रहेगा, जबकि जार्जिया गॉट टैलेंट में देश का नाम करने वाले मल्लखंभ ग्रुप अपने कौशल का जलवा बिखेरेंगे। इससे पहले पोलैंड के फ्री स्टाइल फुटबॉलर पॉवेल स्कोरा और डेविड किजी जूकोवस्की के आने की घोषणा हो चुकी है। दो घंटे का कार्यक्रम खेल प्रेमियों को रोमांच से भर देगा।
आइआइटी में उद्घोष का आयोजन चार से सात अक्टूबर तक किया जाएगा। इसमें देश भर के 250 से अधिक तकनीकी संस्थानों के 2500 से ज्यादा खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। इस साल महिला खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। दिव्यांगों के बीच भी 15 स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इस साल पहली बार महिलाओं की फुटबॉल चैंपियनशिप रखी गई है। इसमें भारतीय टीम की खिलाड़ी भी अतिथि के रूप में आएंगी। दिव्यांगों के लिए अलग से प्रतियोगिताएं होंगी। फुटबॉल लाइव ओपन एयर थिएटर में पांच अक्टूबर को होगा।