भाजपा के मंडल चुनाव में जमकर चले लात-घूंसे, अध्यक्ष पद के दावेदार हुए जख्मी Kanpur News
छावनी मंडल में चुनाव अधिकारी के सामने हंगामा होता रहा जिलाध्यक्ष से शिकायत की गई।
कानपुर, जेएनएन। भाजपा के छावनी मंडल अध्यक्ष के चुनाव में सोमवार को जमकर लात-घूंसे चले। कुर्सियां भी चलाए जाने का आरोप है। यह सब कुछ मंडल चुनाव अधिकारी और सहायक मंडल चुनाव अधिकारी के सामने हुआ। बावजूद इसके चुनाव निरस्त नहीं किए गए और नामांकन प्रदेश को भेज दिए गए हैं। जिलाध्यक्ष ने इस घटना को धक्का मुक्की करार दिया है।
पूरे प्रदेश में भाजपा अपने मंडल अध्यक्षों का चुनाव 13 और 14 अक्टूबर को करवा रही है। इस कड़ी में कानपुर दक्षिण जिले के छावनी मंडल में अध्यक्ष पद के लिए गोलाघाट धर्मशाला में सोमवार को नामांकन कराए जाने थे। दोपहर में मंडल चुनाव अधिकारी सुनील कुशवाहा और सहायक चुनाव अधिकारी सरन तिवारी पहुंच गए। इस दौरान नामांकन को लेकर दो गुटों में कहासुनी होने लगी। एक गुट में रामशंकर बउवा, लखनलाल ओमर, धर्मेंद्र पाल, जयकुमार प्रजापति आदि और दूसरे गुट में रचित यादव, रज्जन परिहार, नितिन सोनकर, विनीत सोनकर आदि थे।
कुछ ही देर में यह कहासुनी मारपीट में बदल गई। अध्यक्ष पद के दावेदार रामशंकर बउवा ने कहा कि अध्यक्ष पद पर उनकी जीत सुनिश्चित थी। इसलिए उनके साथ मारपीट की गई है। इस बात की शिकायत उन्होंने जिलाध्यक्ष से मौखिक की है और वे अपनी शिकायत उच्च पदाधिकारियों को भी भेज रहे हैं। हालांकि इसके बाद चुनाव अधिकारी ने नामंाकन प्रदेश को भेज दिए हैं। कानपुर दक्षिण जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता का कहना है कि चुनाव में नामांकन को लेकर कुछ हंगामा हुआ, धक्का मुक्की हुई है। मारपीट जैसी कोई घटना नहीं हुई। इसलिए अध्यक्ष पद के लिए चार नामांकन प्रदेश को भेज दिए गए हैं। रामशंकर बउवा का नामांकन समिति के लिए भेजा गया है।