टाफी दिलाने के बहाने घाटमपुर में आठ साल की बालिका से दुष्कर्म, पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर भेजा जेल
घाटमपुर के एक गांव में टाफी दिलाने के बहाने आठ साल की बालिका के साथ 40 साल के युवक ने दुष्कर्म किया। बालिका के घर वालों को आरोपित के घर से बेटी मिली। बालिका सही तरह से बोल नहीं पाती है। उसने इशारे में दुष्कर्म की घटना की जानकारी दी।
घाटमपुर, जागरण संवाददाता। सजेती थानाक्षेत्र के एक गांव में टाफी दिलाने के बहाने आठ साल की बालिका के साथ 40 साल के युवक ने दुष्कर्म किया। बालिका के घर वालों को आरोपित के घर से बेटी मिली। बालिका सही तरह से बोल नहीं पाती है। उसने इशारे में दुष्कर्म की घटना की जानकारी दी। मामले में पीड़ित ने सजेती थाने में दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गांव निवासी पीड़िता के पिता ने बताया कि 25 जनवरी की रात साढ़े नौ बजे उनकी आठ साल की बेटी घर पर नहीं मिल रही थी। बेटी सही तरह से बोल नहीं पाती है और न ही पढ़ी-लिखी है। घर वाले जब उसे गांव में ढूंढ़ रहे थे तो पता चला कि गांव के ही शिवाकांत विश्वकर्मा के साथ रात को वह देखी गई थी। इस पर वे जब उसके घर पहुंचे तो शिवाकांत भागने लगा। उन्होंने व ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे दबोच लिया।
उसके घर पर उनकी बेटी निर्वस्त्र हालत में मिली। उसे घर से बाहर लाकर पुलिस को सूचना दी गई। पीड़िता के पिता ने बताया कि बेटी ने अपनी मां को इशारे में सारी बात बताई। उसने बताया कि शिवाकांत उसे फुसलाकर घर ले गया था और फिर उसके साथ गलत काम किया। पीडि़ता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अगवा करने, दुष्कर्म करने और पाक्सो एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सजेती एसओ नीरज बाबू ने बताया कि आरोपित को जेल भेजा गया है। सीओ सुशील कुमार दुबे ने बताया कि पीडि़ता का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।