बड़ी ईदगाह में सुबह 8:30 बजे होगी ईद-उल-फितर की नमाज
ईदगाह के बाहर कंट्रोल रूम से नमाज के दौरान रखी जाएगी नजर एडीएम सिटी और एसी समेत कई अधिकारियों ने देखी व्यवस्था।
कानपुर, जेएनएन। बकरमंडी स्थित बड़ी ईदगाह में बुधवार या गुरुवार (चांद के अनुसार) ईद-उल-फितर की नमाज सुबह 8:30 बजे अदा की जाएगी। पेशइमाम मौलाना कारी मोहम्मद शकील नमाज अदा कराएंगे। शनिवार को एडीएम सिटी विवेक श्रीवास्तव व एसपी संजीव सुमन ने बड़ी ईदगाह के अंदर बैठक की। तय हुआ कि ईद के दिन सुबह 8:30 बजे नमाज होगी। सुबह 8 बजे तक बुजुर्गों को ई रिक्शा और ऑटो से अंदर आने दिया जाएगा। इमाम साहब को भी पुलिस सुरक्षा में लाया जाएगा। ईदगाह के बाहर कोई वाहन स्टैंड नहीं है, लेकिन लोग वसूली करते हैं, उन्हें इस बार वसूली नहीं करने दी जाएगी। बैठक के दौरान बड़ी ईदगाह समिति के मुखिया मोहम्मद अयाज ने अधिकारियों के सामने ये बात रखी कि ईदगाह के आसपास जाल के साथ नगर निगम कर्मियों को लगाया जाए ताकि कोई आवारा जानवर नहीं आ सके।
बड़ी ईदगाह के मुखिया ने बताया कि ईदगाह के बाहर पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। ईदगाह की अपनी टीम भी नमाज के दौरान तैनात रहेगी। उन्होंने बताया कि 300 लाउडस्पीकर, 300 पंखे, 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, तीन वजूखाना, 43 तकबीर वाले चबूतरे बनाए गए हैं। उन्होंने नमाजियों से गुजारिश की है कि वह जाननमाज या अन्य चीजें पॉलीथिन में रखकर नहीं लाएं। उधर, बड़ी ईदगाह के बाहर प्रशासनिक कैंप व पुलिस कंट्रोल रूम बनाया जा रहा है, यहीं से अधिकारी लोगों को मुबारकबाद देंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप