रामादेवी में अवैध ऑटो-टेंपो स्टैडों हटवाने पहुंचे अधिकारी, वसूली का आरोप लगा व्यापारियों का हंगामा
रामादेवी चौराहे पर नगर निगम और यातायात पुलिस अवैध ऑटो-टेंपो स्टैडों को हटवाने पहुंची। इस दौरान भड़के व्यापारियों की टीआइ से नोकझोंक हो गई। व्यापािरयों ने वसूली का आरोप लगा हंगामा किया। एसीपी कैंट ने पहुंचकर मामला शांत कराया।
कानपुर, जागरण संवाददाता। रामादेवी चौराहे पर अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान व्यापारियों ने यातायात निरीक्षक पर वसूली का आरोप लगा हंगामा किया। इस दौरान निरीक्षक की व्यापारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। मामला बढ़ने की सूचना पर एसीपी कैंट पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद बुलडोजर वापस चला गया, लेकिन यातायात पुलिस ने सड़क पर वाहन खड़ा कर सवारी भर रहे वाहनों के चालान किए और कई वाहन सीज भी किए।
गुरुवार को यातायात निरीक्षक राजवीर सिंह पुलिसकर्मियों और नगर निगम की टीम के साथ रामादेवी चौराहे पर पहुंचे। रामादेवी से नौबस्ता जाने वाली सड़क व फुटपाथ से कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। जैसे ही टीम दूसरी लेन पर सब्जीमंडी की ओर बढ़ी। आसपास के दुकानदार, सब्जी व्यापारी समेत अन्य लोगों की भीड़ जुट गई। व्यापारियों ने यातायात निरीक्षक पर अतिक्रमण और ऑटो-टेंपो वालों को हटाने की आड़ में वसूली करने का आरोप लगा हंगामा किया। इस पर निरीक्षक भी भड़क गए, जिसके बाद उनकी व व्यापारियों की नोकझोंक होने लगी। सूचना मिलने पर एसीपी कैंट मृगांक शेखर पाठक और चकेरी थाने की फोर्स पहुंच गई।
एसीपी ने व्यापारियों को मामले की जांच कराने का आश्वासन देकर शांत कराया। इसके बाद नगर निगम की टीम लौट गई। यातायात पुलिस ने चौराहे और सड़क पर सवारी भर रहे वाहनों व बसों का चालान किया। कई वाहनों को सीज भी किया गया। एसीपी ने बताया कि व्यापारियों ने टीआइ पर वसूली का आरोप लगाया है। इसकी जांच कराई जा रही है।