40 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर की थी 1500 करोड़ की ठगी, दुबई से अमेरिका तक फैले ठगी नेटवर्क का हुआ पर्दाफाश
महाठग रवींद्रनाथ सोनी ने दुबई में फर्जी 'ब्लूचिप' कंपनी बनाकर 10 देशों के 1000 से अधिक लोगों से 1500 करोड़ ...और पढ़ें
-1791332145959_m.webp)
यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।
HighLights
रवींद्रनाथ सोनी ने दुबई में फर्जी कंपनी से 1500 करोड़ की ठगी की।
10 देशों के 1000 से अधिक लोग 40% लाभांश के झांसे में आए।
SIT ने 13 आरोपियों के खिलाफ 9000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की।
जागरण संवाददाता, कानपुर। दुबई में फर्जी 'ब्लूचिप' कंपनी बनाकर 10 देशों के एक हजार से ज्यादा लोगों को 40 प्रतिशत लाभांश का सब्जबाग दिखाने और 1500 करोड़ की ठगी करने वाले महाठग रवींद्रनाथ सोनी का आखिरकार कानून ने घेराव कर लिया है। विशेष जांच टीम ने गिरोह के 13 आरोपितों के खिलाफ 18 मुकदमों में नौ हजार पन्नों के डिजिटल और दस्तावेजी साक्ष्यों का ऐसा अभेद्य पुलिंदा तैयार किया है, जिससे बचना अब मुश्किल होगा। इसमें 69 बैंक खातों के लेनदेन के विवरण, वाट्सएप चैट, 15 करोड़ से अधिक की संपत्ति के दस्तावेजों, 35 से अधिक गवाह समेत साक्ष्य शामिल हैं। वहीं, अब ईडी भी इस ठग गिरोह की जड़ें उखाड़ने में जुट गई है।
परेड निवासी अब्दुल करीम ने नई दिल्ली मालवीय नगर के रवींद्रनाथ सोनी के खिलाफ पांच जनवरी 2025 को सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने दुबई में नौकरी कर रहे बेटे तलाह करीम से 2021 में 42 लाख 29 हजार 600 रुपये ठगने का आरोप लगाया था। पुलिस ने रवींद्रनाथ को 30 नवंबर 2025 को उसके देहरादून स्थित दूसरे घर से गिरफ्तार कर एक दिसंबर को जेल भेजा था। उसकी गिरफ्तारी की बात दुबई तक पहुंची और कानपुर पुलिस की ई-मेल पर रवींद्रनाथ और उसके साथियों के खिलाफ शिकायती पत्र आने लगे।
जांच में पता चला कि रवींद्रनाथ सोनी ने साथियों के साथ दुबई में बैठकर भारत, यूएई समेत 10 देशों के एक हजार से अधिक लोगों से 1500 करोड़ रुपये की ठगी की है। मामले में एक-एक कर 26 मुकदमे दर्ज हुए, जिसमें छह जीरो एफआइआर थीं, जिन्हें संबंधित जिलों के थानों में ट्रांसफर की गई, जबकि 18 मुकदमों की जांच एसआईटी कर रही थी। करीब 10 माह में सभी मुकदमों की जांच पूरी कर नौ हजार पन्नों की चार्जशीट तैयार कर ली गई है।
सभी आरोपितों का लुक आउट नोटिस भी जारी है, जिससे कोई देश से बाहर जाए या बाहर से भारत आए तो एयरपोर्ट पर पकड़ा जा सके। वहीं, दूसरे देश के भी आरोपित होने पर रेड कार्नर नोटिस भी जारी किया गया है।
इन 13 लोगों को बनाया गया आरोपित
महाठग रवींद्रनाथ सोनी, उसकी पहली पत्नी स्वाति सोनी, गिरोह में शामिल अमेरिका से ब्लूचिप कंपनी संचालित करने वाली गुरमीत कौर, दिव्या राजवानी, दुबई के आफिस में मैनेजमेंट देखने वाला शाश्वत सिंह, अभिनेता सूरज जुमानी उर्फ अमर लाल, अभिषेक सिंघल, पारिख महावीर त्यागी, खालिद, किरण मोगर, मोहित मिठानी समेत 13 आरोपित चार्जशीट में बनाए गए। एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि ठग रवींद्रनाथ सोनी और उसके साथियों के खिलाफ सभी 18 मुकदमों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।
