'एकलव्य' को तलाश शिक्षित कर रहे यह 'द्रोणाचार्य'
आज के दौर में भी गुरु के रूप में द्रोणाचार्य हैं। उनकी सोच बदली हुई है।
अंकुश शुक्ल, कानपुर :
आज के दौर में भी गुरु के रूप में द्रोणाचार्य हैं। उनकी सोच बदली हुई है। आज बात ऐसे ही एक 'द्रोणाचार्य' की, जो ऐसे तमाम एकलव्य तलाश रहे हैं जिन्हें बेहतर शिक्षा देकर उनकी प्रतिभा को निखारा जा सके। यह गुरु हैं अविनाश कुमार, जो बस्तियों में जाकर गरीब बच्चों को शिक्षा से जोड़ रहे हैं। निश्शुल्क क्लास के माध्यम से शिक्षा देने के साथ ही उनको भविष्य के लिए स्वावलंबी बना रहे हैं।
अविनाश कुमार का यह प्रयास रामकृष्ण मिशन आश्रम के अभियान का हिस्सा है जो स्वामी तन महिमानंद की देखरेख में चल रहा है। क्लास में बच्चों को गणित, अंग्रेजी, विज्ञान के साथ योग, गीता और वैदिक शास्त्र का ज्ञान भी दिया जाता है। क्लास में रामकृष्ण मिशन विद्यालय के साथ ही कई स्कूलों और बस्तियों के गरीब बच्चे एक साथ शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बच्चों को समान शिक्षा देकर उनके भविष्य को सुदृढ़ किया जा रहा है।
-----
बोर्ड परीक्षा परिणाम में दिखी प्रयास की सफलता
हाल में ही घोषित यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस क्लास में पढ़ने वाले कई बच्चों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर अपनी प्रतिभा से हर किसी को आश्चर्य में डाल दिया। बस्ती में रहने वाली विशाखा ने हाईस्कूल की परीक्षा में 85 फीसद अंक लाकर उन लोगों को आईना दिखाया जो कहते हैं कि शिक्षा गरीबों के वश की बात नहीं। इसी क्लास में पढ़ने वाली डॉली के पिता नेत्रहीन हैं। उसने इस क्लास के जरिए पढ़ाई कर प्रथम श्रेणी में परीक्षा उत्तीर्ण की।
--
खुद अपने हालात से प्रेरित हुए अविनाश
गरीब बच्चों में अंग्रेजी भाषा को लेकर असमंजस रहता है। बच्चे अंग्रेजी में बेहतर हों, इसके लिए अविनाश अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाते हैं। अविनाश खुद भी गरीबी में पढ़े हैं और गरीब बच्चों की परेशानी बखूबी समझते हैं। अपने खुद हालात से ही वह इस दिशा में बढ़ने के लिए प्रेरित हुए। वह अपने शांत स्वभाव के साथ बच्चों को शिक्षा देना एक मिशन के तौर जारी रखे हैं और गरीब बच्चों के जीवन में अशिक्षा के अंधकार को शिक्षा की लौ से रोशन कर रहे हैं।
----
-आश्रम निर्धन बच्चों के लिए बिना भेद-भाव के क्लास चलाता हैं। अविनाश का सरल स्वभाव और प्रेरणादायक बातें बच्चों को पढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। बच्चों में इस क्लास को लेकर काफी उत्साह रहता है।
- स्वामी तनमहिमा नंद जी, रामकृष्ण मिशन आश्रम