डॉक्टरों ने कर दिया कमाल, फिर से पहले जैसी बना दी महिला की कटी नाक Kanpur News
सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पुष्पेंद्र ने दो चरण में ऑपरेशन करके सफलता हासिल की।
कानपुर, जेएनएन। धारदार हथियार के हमले में महिला की नाक कट गई थी। इस महिला के लिए हैलट के चिकित्सक भगवान की तरह हो गए। डॉक्टरों ने कमला कर दिया और सफल ऑपरेशन करके महिला की कटी नाक को पहले जैसा बना दिया। उनकी इस कामयाबी की डॉक्टरों और महिला के परिवार वालों ने सराहना की।
28 मार्च को कानपुर देहात के कुसुम नवादा निवासी कांत प्रसाद की 24 वर्षीय पुत्री सावित्री पर उनके पति चंद्रशेखर ने धारदार हथियार से हमला करके उनकी नाक काट दी थी। पिता ने बेटी को हैलट अस्पताल के सर्जरी विभाग की ओपीडी में प्लास्टिक सर्जन डॉ. पुष्पेंद्र को दिखाया। महिला के नाक का कटा हुआ हिस्सा ही उनके पास नहीं था। ऐसे में नाक का अगला हिस्सा बनाने का निर्णय लिया गया।
सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पुष्पेंद्र ने बताया कि महिला का पति जेल में था। उसकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। ऐसे में उसकी मदद का निर्णय लिया गया। महिला के ललाट (माथा) की त्वचा से नाक का अगला हिस्सा बनाने का निर्णय लिया। पहली प्लास्टिक सर्जरी नौ मई को की। उसके तीन सप्ताह बाद दूसरी सर्जरी कर नाक को पहले जैसा आकार दे दिया। इस सफलता पर सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. संजय काला ने बधाई दी है।