विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर पहुंचे उपमुख्यमंत्री मौर्य का दावा, 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार, सपा का पीडीए अपराधियों का संरक्षक

Published: Fri, 02 Oct 2026 02:30 PM (IST)

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कानपुर में कहा कि भाजपा 2027 में तीसरी बार यूपी में सरकार बनाएगी। उन्होंने सपा ...और पढ़ें

HighLights

  1. मौर्य ने 2027 में यूपी में भाजपा की तीसरी सरकार का दावा किया

  2. सपा के पीडीए को 'परिवार डेवलपमेंट एजेंसी' बताकर निशाना साधा

  3. मतदाता सूची पुनरीक्षण का समर्थन किया, कांग्रेस पर दिखावे का आरोप

जागरण संवाददाता, कानपुर। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को बेनाझाबर स्थित टीएसएच में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘नमो सेवा, अनकही कहानियां’ कार्यक्रम में कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कानपुर आने का अवसर मिलने पर उन्हें व्यक्तिगत रूप से खुशी होती है और इसी कारण वह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं।'

सपा पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का पीडीए गुंडों, अपराधियों, माफिया और दंगाइयों को संरक्षण देने वाला है। मौर्य ने कहा कि हिंदू समाज को बांटकर वोट हासिल करने की कोशिश सफल नहीं होगी। 2027 के चुनाव परिणाम के बाद सपा सफाई की ओर जाती दिखाई देगी।

मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से किया जा रहा कार्य ऐतिहासिक है। भाजपा एसआइआर की प्रक्रिया का समर्थन करती है। उन्होंने दावा किया कि तुष्टीकरण की राजनीति के कारण मतदाता सूची में शामिल हुए अपात्र लोगों के नाम हटाए जा रहे हैं, जिससे कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। मौर्य ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव और शुद्ध मतदाता सूची भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने कांग्रेस पर एसआइआर को लेकर केवल दिखावा करने का आरोप लगाया।