उन्नाव के बाद फतेहपुर में जलाई गई दुष्कर्म पीड़िता की मौत, छह दिन संघर्ष के बाद हारी जिंदगी की जंग
फतेहपुर में 14 दिसबंर को हुसेनगंज क्षेत्र के एक गांव में दरिंदे ने घर में घुसकर 18 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसके शरीर पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी थी।
कानपुर, जेएनएन। दुष्कर्म के बाद केरोसिन डालकर जलाई गई युवती छठे दिन जिंदगी की जंग हार गई। कानपुर के एलएलआर अस्पताल में भर्ती पीड़िता के अंगों ने गुरुवार की सुबह एकदम करना बंद कर दिया। सुबह साढ़े छह बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया। पीड़िता की मौत के बाद फतेहपुर में उसके गांव में बवाल की आशंका पर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है और शव को सीधे गंगा के रामचंद्रन घाट ले जाया गया, जहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में युवती के छोटे भाई ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में आरोपित का पिता भी शामिल हुआ। उधर, पुलिस ने मुकदमे में जानलेवा हमले के प्रयास की रिपोर्ट को हत्या के मुकदमे में तब्दील किया है।
हुसेनगंज क्षेत्र के एक गांव में 14 दिसंबर को सुबह करीब 10 बजे 18 वर्षीय युवती को दुष्कर्म के बाद जलाने का आरोप लगा था। उसे सदर अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया था। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनुराग सिंह व प्लास्टिक सर्जन डॉ. पुष्पेंद्र कनौजिया की देखरेख में इलाज चल रहा था। युवती 80 फीसद जल चुकी थी। चेहरा, छाती व गला समेत लगभग पूरा शरीर बुरी तरह जला हुआ था। अंदरूनी अंगों में सूजन के कारण सांस लेने में दिक्कत होने पर फेफड़े में ट्रैकास्टमी कर ट्यूब के जरिये ऑक्सीजन दी जा रही थी। चौथे दिन वह कोमा में चली गई थी।
बुधवार शाम मल्टी आर्गन फेल्योर की स्थिति होने पर उसे वेंटीलेटर पर रखा गया, लेकिन गुरुवार सुबह तक फेफड़े-किडनी समेत सभी अंगों ने काम करना बंद कर दिया। उसे आधे घंटे सीपीआर भी दी गई, लेकिन सफलता न मिलने पर चिकित्सकों ने सुबह 6.30 बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम डॉ. आरपी तिवारी, डॉ. नवनीत चौधरी एवं डॉ. एसपी कटियार के पैनल ने किया। रिपोर्ट में मौत की वजह सेप्टीसीमिया और शॉक बताई गई है।
इसके बाद शाम करीब चार बजे शव फतेहपुर के रामचंद्रन घाट ले जाया गया। युवती के भाई का कहना है कि एसडीएम ने शव को गांव ले जाने से मना करते हुए सीधे घाट ले जाने की बात की। परिवार ने भी सहमति दे दी। सभी लोग सीधे घाट पर गए। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करा दी गई है। उधर, डीआइजी कवींद्र प्रताप सिंह भी पल पल की अपडेट लेते रहे। समीक्षा बैठक के लिए आए डीआइजी अंतिम संस्कार की सूचना मिलने के बाद वापस हुए।
फतेहपुर में 14 दिसंबर शनिवार को सुबह हुसेनगंज क्षेत्र के एक गांव में दरिंदे ने घर में घुसकर 18 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर उसके शरीर पर केरोसिन छिड़ककर आग लगा दी थी। चीखते हुए युवती बाहर भागी तो पड़ोसियों ने आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद 80 फीसद झुलसी पीड़िता को एलएलआर अस्पताल (हैलट) कानपुर रेफर किया गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद फरार आरोपित को रात करीब नौ बजे गिरफ्तार कर लिया गया था। फतेहपुर के हुसेनगंज थाने के एक गांव में बीते 14 दिसंबर की सुबह 18 वर्षीय युवती के साथ रिश्ते के चाचा ने दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर जिंदा जला दिया था।
गांव में कड़ी की गई सुरक्षा
दुष्कर्म पीड़िता की कानपुर के एलएलआर अस्पताल (हैलट) में मौत की सूचना से आज फतेहपुर के जिला तथा पुलिस प्रशासन महकमे में काफी खलबली मच गई। पीड़िता के गांव में भारी पुलिस फोर्स की तैनाती सुनिश्चित करते हुए यहां पर अफसर पल-पल की टोह ले रहे हैं। सीओ सिटी केडी मिश्र का कहना था कि पीड़िता की मौत की सूचना पर गांव में सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस फोर्स बढ़ाया गया है। इस घटना के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। पीड़िता की मौत की सूचना मिलते ही कानपुर के लिए रवाना हो गये।
पड़ोसी मेवालाल ने घर में घुसकर युवती के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने केरोसिन डालकर उसे आग लगा दी। आग लगने के बाद खुद को बचाने के लिए पीड़ित युवती बाहर की ओर भागी। पीड़िता की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने आग बुझाया और पुलिस को इसकी सूचना दी थी। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी मेवालाल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मेवालाल रिश्ते में पीड़िता का चाचा लगता है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने परिवार सहित फरार हो गया था। सीओ सिटी की अगुआई में गठित टीम ने यह गिरफ्तारी की।
गौरतलब है कि हुसेनगंज क्षेत्र के एक गांव में सुबह करीब नौ बजे पड़ोस में रहने वाला चाचा घर में युवती को अकेला पाकर घुस आया और दुष्कर्म किया। युवती ने जब स्वजनों को जानकारी देने की बात कही तो आरोपित ने केरोसिन डालकर आग लगा दी। वह चीखते हुए घर के बाहर भागी। आग बुझाने के बाद पड़ोसी उसे अस्पताल लेकर आए। युवती 90 फीसद से अधिक झुलस गई थी। हालत बेहद गंभीर होने पर महिला सिपाही के साथ उसे 108 एंबुलेंस से कानपुर भेज दिया गया। पीड़िता के भाई ने थाने में तहरीर देकर बताया कि स्वजन मजदूरी करने गए थे। घर में बहन अकेली थी, तभी पड़ोसी घर में घुस आया और बहन के साथ दुष्कर्म कर उसे जला दिया। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है।