नगर निगम 'निर्बल', चंट्टा मालिक 'बलवान'
चंट्टा मालिकों के आगे नगर निगम का दस्ता नतमस्तक है। नगर विकास मंत्री की शाबासी लूटने को अफसरों ने दो माह में चंट्टे शहर से हटाने का वादा तो कर दिया लेकिन आठ माह बाद भी हालात पहले जैसे हैं। एक भी चंट्टा शहर से बाहर नहीं किया जा सका।
जागरण संवाददाता, कानपुर : चंट्टा मालिकों के आगे नगर निगम का दस्ता नतमस्तक है। नगर विकास मंत्री की शाबासी लूटने को अफसरों ने दो माह में चंट्टे शहर से हटाने का वादा तो कर दिया लेकिन आठ माह बाद भी हालात पहले जैसे हैं। एक भी चंट्टा शहर से बाहर नहीं किया जा सका।
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने 28 दिसंबर 2017 को दो माह में चंट्टा हटाने के आदेश नगर निगम के अफसरों को दिए थे। इस हिसाब से 28 फरवरी तक शहर से चंट्टे हट जाने चाहिए थे लेकिन अगस्त भी खत्म होने को है पर एक भी चंट्टा नहीं हटा है। चंट्टे वालों को शिफ्ट करने की कोई कार्ययोजना भी नहीं बनी है। ऐसे में बीस साल में भी शहर के चट्टे हट पाने की उम्मीद नहीं दिख रही है। महापौर प्रमिला पांडेय भी मानती हैं कि शहर में चंट्टों के चलते लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। सड़क व फुटपाथ पर बने चंट्टों को हटाया जाएगा। जब तक चंट्टे शहर से बाहर नहीं जाते तब तक गोबर उठाने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही फुटपाथ व सड़क पर चंट्टे चलाने वालों पर जुर्माना लगेगा।
---------------
आवारा जानवर हुए जानलेवा
शहर में आवारा जानवर जानलेवा हो गए हैं। शायद ही कोई ऐसा क्षेत्र होगा जहां सड़क पर घूमते आवारा जानवर न दिखें। आवारा जानवरों से त्रस्त लोगों का गुस्सा अब फूटने लगा है। लोगों ने दैनिक जागरण से अपनी पीड़ा बताईं।
-------
-उद्योग तक जानवरों से अछूते नहीं हैं। एसबीआइ चौराहा, दादानगर मे आवारा जानवरों के चलते लोगों का निकलना दूभर हो जाता है। इनसे हादसे का खतरा बना रहता है।
- पुनीत शर्मा
राणाप्रताप नगर के आसपास आवारा जानवरों की वजह से निकलना मुश्किल हो जाता है। नगर निगम को कई बार कार्रवाई के लिए कहा लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ है।
- ठाकुर वत्स सिंह
विष्णुपुरी नवाबगंज में आवारा जानवरों की संख्या बढ़ गई है। वे बहुत गंदगी कर रहे हैं। सड़क पर दौड़ते आवारा जानवरों के चलते कई लोग चुटहिल हो चुके हैं।
- अर्पित सिंह
एलनगंज में जानवरों के जमावड़े के चलते वाहन फंस जाते हैं और जाम लगा रहता है। बच्चों व महिलाओं का सड़क पर निकलना मुश्किल हो जाता है।
- पीडी अग्रवाल