स्वच्छता ही सेवा मुहिम में साथ आए दैनिक जागरण और नगर निगम, वर्षो से जमा गंदगी हटवाई
सुबह कूड़ा हटा शाम को वहीं पर की टी-पार्टी, दीपावली तक चलेगा अभियान
जागरण संवाददाता, कानपुर : स्वच्छता ही सेवा मुहिम के तहत दैनिक जागरण और नगर निगम ने एक बार फिर शहर को साफ-सुथरा बनाने की पहल की है। इसमें दैनिक जागरण के मिशन-1000 टन मॉडल को अपनाया गया है। दीपावली तक चलने वाले अभियान में नगर निगम टीम ने पहले दिन छह क्षेत्रों में सालों से जमी गंदगी जेसीबी से हटवाई। गंदगी एकत्र होने के कारण बंद रास्तों को भी खोल दिया। सुबह कूड़ा हटाने के साथ ही शाम को उसी स्थान पर अफसरों ने जनता के साथ टी-पार्टी की।
दैनिक जागरण ने पिछले साल दीपावली पर मिशन-1000 टन अभियान चलाकर शहर के एक दर्जन से ज्यादा गंदगी से पटे क्षेत्रों को खाली कराने के जनता के साथ उसी स्थान पर चाय पार्टी की और रखरखाव के लिए जनता को ही प्रभारी बनाया था। इसी मॉडल को दैनिक जागरण और नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने एक बार फिर दीपावली तक विशेष सफाई अभियान चलाने का फैसला लिया। इसके तहत रविवार से अभियान की शुरूआत की गई। नगर निगम की टीम ने पॉलीटेक्निक के पास जमा छह ट्रक से ज्यादा कूड़ा हटाया। साथ ही रास्ता साफ किया। यहां कूड़ाघर के साथ ही सड़क तक गंदगी फैली रहती थी। इसके कारण आवारा जानवरों का जमावड़ा लगा रहता था। लोगों को आवागमन में काफी राहत मिली। इसके अलावा उर्सला अस्पताल, हनुमान मंदिर नई चुंगी, एनएलसी बाबूपुरवा, द्वारिकापुरी जरीबचौकी व पीली कालोनी गोविंद नगर में अभियान चलाकर गंदगी से पटे कूड़ाघरों को साफ किया गया। इस दौरान बीस ट्रक से ज्यादा गंदगी हटाई गई। इस दौरान नगर आयुक्त एक-एक क्षेत्र का निरीक्षण किया। साथ ही शाम को नगर आयुक्त ने आला अफसरों के साथ पालीटेक्निक कूड़ाघर के अंदर बैठक कर जनता के साथ चाय पी। साथ ही लोगों से अपील की कि सफाई के बाद गंदगी न फेंके। इसके अलावा अफसरों को आदेश दिए कि कूड़ा रोज उठाया जाए।
- - - -
दीपावली तक शहर में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। सालों से जहां पर कूड़ा डंप है, उसे साफ कराने के साथ ही जनता के साथ बैठकर शाम को उसी स्थान पर चाय पी जाएगी ताकि स्वच्छता के प्रति सभी जागरूक हो।
संतोष कुमार शर्मा, नगर आयुक्त