विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ध्रुपद के सुरों से सिनेमा की कहानी तक, एक मंच पर सिमट आई कलाओं की दुनिया

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:35 PM (IST)

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 'सृजन संवाद' का शुभारंभ हुआ। 

दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘सृजन संवाद’ का शुभारंभ। (तस्वीर- जागरण)

दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘सृजन संवाद’ का शुभारंभ। (तस्वीर- जागरण)

HighLights

  1. छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में 'सृजन संवाद' अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन शुरू।

  2. ध्रुपद से सिनेमा तक विभिन्न कलाओं के अंतर्संबंधों पर चर्चा।

  3. विद्वानों ने कलाओं की साझा सृजन चेतना पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, कानपुर। मंच पर पखावज की थाप के साथ ध्रुपद के सुर गूंजे तो सभागार भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा में डूब गया। साहित्य को दृश्य कथानक में ढालने पर चर्चा हुई तो योग, ध्यान और कला के आपसी रिश्तों पर विचार रखे गए।

कला की अलग-अलग विधाओं को एक-दूसरे से जोड़ने वाले ऐसे ही दृश्यों के बीच शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन ‘सृजन संवाद’ का शुभारंभ हुआ। व्यंजना आर्ट एंड कल्चर सोसायटी, प्रयागराज, विश्वविद्यालय के स्कूल आफ क्रिएटिव एंड परफार्मिंग आर्ट्स और केंद्रीय हिंदी संस्थान, आगरा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन का विषय ‘कलाओं के बीच अंतर्संबंध : संवाद और सांस्कृतिक पुनर्पाठ’ है।

पहले दिन उद्घाटन सत्र से सांस्कृतिक संध्या तक सात सत्रों में कला, साहित्य, संगीत, रंगमंच और सिनेमा के संबंधों पर विमर्श हुआ।

देश-विदेश से आए विद्वानों, कलाकारों और शोधार्थियों ने माना कि कलाओं को अलग-अलग खांचों में बांटकर नहीं, बल्कि उनकी साझा सृजन चेतना के माध्यम से समझने की जरूरत है। शुभारंभ कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा, मुख्य वक्ता स्वामी त्यागराज और पद्मश्री पंडित ऋत्विक सान्याल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

ध्रुपद से सिनेमा तक दिखा कलाओं का विस्तार

दूसरे सत्र ‘नाद, काल, वाक्ः राग-रंग’ में पद्मश्री पंडित ऋत्विक सान्याल ने ध्रुपद गायन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। पखावज पर आदित्य दीप ने संगत की। तीसरे सत्र ‘विजुअलाइजिंग द वर्ड’ में कला इतिहासकार शांति स्वरूप सिन्हा की अध्यक्षता में आयुष द्विवेदी एवं समूह ने प्रस्तुति दी।

डिजाइनर डॉ. मनीष अरोड़ा ने भी विचार साझा किए। चौथे सत्र ‘ब्रेकिंग एकेडमिक साइलोज’ में विश्वभारती विश्वविद्यालय की प्रो. बसवी मुखर्जी की अध्यक्षता में डा. धनंजय चोपड़ा और शिवेंद्र कुमार सिंह ने कला शिक्षा को विषयों की सीमाओं से बाहर लाने की जरूरत बताई।

पांचवें सत्र ‘वर्ड टू विजुअल नैरेटिव’ में अभिनेत्री एवं निर्देशक सोहेला कपूर, फिल्मकार शांतनु गुप्ता और गीतकार अंकिता खत्री ने साहित्य, रंगमंच और सिनेमा के रिश्तों पर संवाद किया। छठे सत्र ‘साउंड, रिदम एंड कल्चरल डायलाग’ में कर्नाटक संगीत के गायक प्रो. टीवी मणिकंदन ने व्याख्यान के साथ संगीत प्रस्तुति दी। वायलिन पर आर.श्रीधर और मृदंगम पर पी.वेत्रिभूपति ने संगत की।

शाम की सांस्कृतिक संध्या में प्रो. संगीता श्रीवास्तव एवं समूह, डा. नितिन पांडुरंग शिराले, कथक नर्तक विशाल कृष्णा और बांसुरी वादक मुकेश प्रजापति मधुर की प्रस्तुतियों ने सभागार को सुर, ताल और नृत्य के रंगों से भर दिया। उद्घाटन सत्र का संचालन आकाशवाणी के अनुराग सक्सेना ने किया। इस अवसर पर निदेशक डा. मिठाई लाल, व्यंजना आर्ट एंड कल्चर सोसायटी की संस्थापक डा. मधु शुक्ला उपस्थित रही।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।