Kanpur CSJMU में मिड सेमेस्टर परीक्षाएं 21 सितंबर से, 17 हजार परीक्षार्थी होंगे शामिल
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में विषम सेमेस्टर की मिड सेमेस्टर परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं, जिसमें ...और पढ़ें

HighLights
21 से 26 सितंबर तक चार पालियों में होंगी विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं
28-29 सितंबर को वोकेशनल पाठ्यक्रम की परीक्षा
185 कार्यक्रमों के विद्यार्थियों को 75 प्रतिशत उपस्थिति पर ही परीक्षा में बैठने की अनुमति
जागरण संवाददाता, कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) परिसर में विषम सेमेस्टर की मिड सेमेस्टर परीक्षाएं सोमवार से शुरू होंगी। 26 सितंबर तक चलने वाली परीक्षाओं में विश्वविद्यालय परिसर में संचालित 185 कार्यक्रमों के 17 हजार से अधिक विद्यार्थी शामिल होंगे। वहीं, वोकेशनल पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 28 और 29 सितंबर को कराई जाएंगी। परीक्षा में केवल उन्हीं विद्यार्थियों को शामिल होने की अनुमति होगी, जिनकी संबंधित पाठ्यक्रम में कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति है।
विश्वविद्यालय के परीक्षा प्रभारी प्रो. प्रभात कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षाएं विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार कराई जा रही हैं। प्रथम सेमेस्टर के करीब 8000, तृतीय सेमेस्टर के 5314, पंचम सेमेस्टर के 3008, सप्तम सेमेस्टर के 940 और नवम सेमेस्टर के 93 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मिड सेमेस्टर परीक्षा चार पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह नौ से 10:30 बजे, दूसरी 11 से दोपहर 12:30 बजे, तीसरी दोपहर 1:30 से तीन बजे और चौथी पाली 3:30 से शाम पांच बजे तक होगी। विद्यार्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
