क्रय केंद्र से लौटने नहीं चाहिए किसान
जागरण संवाददाता, कानपुर : गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं
जागरण संवाददाता, कानपुर : गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। किसानों को केंद्र पर ही गेहूं बेचने के लिए प्रेरित करें। उन्हें बुलाएं और पर्याप्त सुविधा दें। खरीद में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो और न ही केंद्र से किसान वापस जाएं। ये हिदायत मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने शिविर कार्यालय में बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में दी।
उन्होंने कहा कि 1735 रुपये प्रति क्विंटल की दर निर्धारित की गई है। प्रति क्विंटल 10 रुपये अन्य खर्चे भी दिए जाने हैं। किसानों को पूरी राशि का भुगतान होना चाहिए। मंडल में 3,07,200 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य है। यह लक्ष्य हर हाल में पूरा करना होगा। केंद्र पर बोरा व श्रमिक उपलब्ध होने चाहिए। धनराशि की कमी न होने पाए। एक केंद्र पर कम से कम दो इलेक्ट्रानिक काटे हों। इस अवसर पर जेडीसी नरेंद्र सिंह यादव, आरएफसी शेषनाथ उपस्थित रहे।
गंगा किनारे पौधरोपण के लिए विशेष अभियान
मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने गंगा हरीतिमा अभियान की बैठक में कहा कि गंगा के एक किमी दायरे में पौधरोपण के लिए 16 सितंबर तक अभियान चलेगा। सुनिश्चित करें कि ज्यादा से ज्यादा पौधे रोपे जाएं। स्वच्छता, सफाई, भूमि जल संरक्षण, मृदा संरक्षण पर समग्र रूप से कार्य होना है। किसानों को जैविक खेती के लिए प्रेरित करना है ताकि उनकी आय दोगुनी हो सके। अभियान की सफलता के लिए किसानों, छात्रों, युवाओं, महिलाओं, भूतपूर्व सैनिकों, स्वयंसेवी संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। फर्रुखाबाद, कन्नौज एवं कानपुर के 106 गांवों में अभियान चलेगा। उन्होंने कहा कि पृथ्वी दिवस, गंगा सप्तमी, गंगा दशहरा, विश्व पर्यावरण दिवस व अन्य महत्वपूर्ण तिथियों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। बैठक में कानपुर के डीएम सुरेंद्र सिंह, कन्नौज के डीएम रवींद्र कुमार मौजूद रहे।