Kanpur Coronavirus News: 21 मरीजों ने दम तोड़ा, 1340 पॉजिटिव केस मिले, एक्टिव केस में आई गिरावट
कानपुर शहर में कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलाव में दूसरे दिन भी राहत देखने को मिली है। नए केस मिलने से ज्यादा पुराने मरीज स्वस्थ हुए हैं। इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या में गिरावट आई है।
कानपुर, जेएनएन। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग की शनिवार को आई रिपोर्ट सुकून भरी है। कोरोना के नए केस से ज्यादा पुराने संक्रमित सही हो गए हैैं। एक्टिव केस में भी गिरावट आई है। संक्रमण की चपेट में आकर 21 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि नए 1340 पॉजिटिव केस आए। वहीं, पुराने 2293 संक्रमितों की सेहत दुरुस्त हो गई है। इसमें 21 को अस्पताल से छुट्टी मिली, जबकि 2272 का होम आइसोलेशन पूरा हो गया। जिले में एक्टिव केस 17764 रह गए हैैं, जबकि शुक्रवार को एक्टिव केस 18738 थे।
इनकी हुई मौत : स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट में गोविंद नगर की 46 वर्षीय महिला, बर्रा की 76 वर्षीय वृद्धा, बर्रा के 36 वर्षीय युवक, श्याम नगर के 61 साल के बुजुर्ग, बर्रा के 60 साल के वृद्ध, लाल बंगला के 66 वर्षीय बुजुर्ग, जहानाबाद की 49 वर्षीय महिला, किदवई नगर की 76 वर्षीय वृद्धा, नौबस्ता के 60 साल वृद्ध, लाल बंगला के 66 साल के बुजुर्ग, आचार्य नगर के 66 वर्षीय वृद्ध, न्यू अशोक नगर के 62 वर्षीय वृद्ध, बर्रा की 55 साल की महिला, कल्याणपुर के 52 वर्षीय पुरुष की मौत हुई। तीन ने रामा मेडिकल कॉलेज, एक ने कांशीराम कोविड अस्पताल, दो ने जेएल रोहतगी, एक ने कुलवंती अस्पताल में दम तोड़ा।
इन क्षेत्रों में मिले संक्रमित : रंजीत नगर, सर्किट हाउस, राजापुरवा, हरीपुरवा, बारादेवी, कल्याणपुर, जाजमऊ, शास्त्री नगर, घाटमपुर, गोपालपुर, सजारी, गीता नगर, दबौली, शारदा नगर, परमट, उस्मानपुर, चकरपुर, हरजिंदर नगर, आजाद नगर, परमपुरवा, परेड, विष्णुपुरी, पुलिस लाइन, ज्ञान वाटिका, बर्रा, आरके नगर, खपरा मोहाल, सरोजनी नगर, सर्वोदय नगर, सिविल लाइंस, तिलक नगर, काकादेव, जाजमऊ, आइआइटी, बिनया बाजार, मोती विहार, हंस नगर, विकास नगर आदि।
घरों से मिले 1102 संभावित रोगी : स्वास्थ्य विभाग की 717 टीम ने शनिवार को 45873 घरों का सर्वे किया, जिसमें से 1102 संभावित रोगी मिले। इनमें से 1092 के सैंपल लिए गए।
कोरोना सेल के सिपाही समेत चार संक्रमित: पुलिस लाइन में बनी फ्लू ओपीडी में शनिवार को हुई जांच में कोरोना सेल का एक सिपाही भी संक्रमित निकला। इसी के साथ विभिन्न थानों के भी तीन पुलिसकर्मी पॉजिटिव होने की रिपोर्ट लेकर पहुंचे। उन सभी को होम आइसोलेट करके दवाएं दी जा रहीं हैं। साथ ही बुखार, सर्दी व जुकाम से पीडि़त करीब 25 अन्य लोगों को भी दवाओं की किट उपलब्ध कराई गई है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी व उनके स्वजन समेत करीब 50 लोग अब तक पॉजिटिव आ चुके हैं। सभी का इलाज चल रहा है। उनकी हालत में काफी सुधार है। एक मरीज को एल-वन केयर वार्ड में भर्ती कराया गया था। उसका भी इलाज चल रहा है।