कानपुर में जय भारत महासंपर्क अभियान शुरू करेगी कांग्रेस, बड़े नेता घर-घर देंगे दस्तक
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीक दलों की सक्रियता तेज हो गई है। इस कड़ी में कांग्रेस भी कानपुर में जय भारत महासंपर्क अभियान शुरू करने जा रही है। जनाधार बढ़ाने के लिए कांग्रेस नेता घर-घर जाएंगे।
कानपुर, जेएनएन। यूपी में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियों ने सक्रियता बढ़ा दी है। कांगेस ने भी जनाधार बढ़ाने के लिए अभी से कवायद शुरू कर दी है और कानपुर में लगातार कांग्रेस आम जनता से जुड़ने के लिए नित नए प्रयोग और अभियान चला रही है। अब कांग्रेस ने जय भारत महासंपर्क अभियान की शुरूआत की है। कानपुर में यह अभियान 19 अगस्त से चलाया जाएगा जो तीन दिन चलेगा। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वार्ड में प्रवास करेंगे और घर-घर जाकर जनता से समस्या आदि पूछ़ेंगे। सैन्य कर्मियों और अधिकारियों के साथ वरिष्ठों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश यह अभीयान शुरू किया जा रहा है। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश सचिव और शहर प्रभारियों को सौंपी गई है। शहर प्रभारी जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर अभियान को कैसे चलाया जाएगा, इसकी जानकारी देंगे। शहर कांग्रेस कमेटी दक्षिण के जिलाध्यक्ष डाॅ. शैलेंद्र दीक्षित ने बताया कि जय भारत महासंपर्क अभियान 19 से 21 अगस्त 2021 तक चलेगा। तीन दिन तक चलने वाले इस महाअभियान में शहर कांग्रेस कमेटी का एक वरिष्ठ नेता वार्ड में प्रवास करेंगे। उनके साथ वार्ड अध्यक्ष रहेंगे। कार्यक्रम के पहले दिन प्रवास करने वाले नेतागण वार्ड अध्यक्ष और क्षेत्रीय कांग्रेसजनों के साथ मिलकर घर-घर जनसंपर्क करेंगे। वार्ड में प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर सामाजिक विषयों पर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम के दूसरे दिन वार्ड में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर कांग्रेसजन श्रमदान करेंगे। प्रवास करने वाले नेता वार्ड में निवास करने वाले सैनिक परिवारों,सफाई कर्मियों और शिक्षामित्रों को सम्मानित करेंगे। प्रत्येक वार्ड में राजीव गांधी की जयंती का आयोजन किया जाएगा और क्षेत्रीय जनता के साथ जनसमस्याओं पर चर्चा होगी।कार्यक्रम के तीसरे और अंतिम दिन प्रभात फेरी निकालकर युवाओं के साथ बातचीत की जाएगी। उनसे क्षेत्र की समस्याओं को साझा किया जाएगा।संविधान की शपथ लेते हुए कार्यक्रम में पत्रक भी वितरित किए जाएंगे।जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी होगी कि तीन दिन चलने वाले कार्यक्रम की पूरी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को भेजेंगे।