घाटमपुर उपचुनाव : प्रियंका टीम के हाथ में कमान, पल-पल की गतिविधि पर निगाहें
घाटमपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा के बाद ही कांग्रेस में टीम प्रियंका ने बिसात बिछानी शुरू कर दी थी और अब रणनीति के तहत टीम के सदस्य कमान संभाल रहे हैं। इससे बड़ा फायदा भीतरघात न होने का मिल रहा है।
कानपुर, जेएनएन। घाटमपुर उपचुनाव में पल-पल की खबर प्रियंका वाड्रा तक पहुंच रही है। यहां उपचुनाव की कमान प्रियंका की टीम के हाथों में है। टीम के दो धुरंधर नेता प्रत्याशी को घर-घर लेकर जा रहे हैं तो तीन सदस्य पर्दे के पीछे से रणनीति बनाने का काम कर रहे हैं। प्रियंका टीम के मैदान में होने से बड़ा फायदा भीतरघात न होने का मिल रहा है।
घाटमपुर उपचुनाव की घोषणा के साथ कांग्रेस करो या मरो की रणनीति के साथ मैदान में उतरी है। चुनाव की कमान भी प्रियंका टीम के खास सिपाहसालारों पर है। चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी उरई से विधायक रहे विनोद चतुर्वेदी के हाथ में दी गई है। वह प्रियंका टीम के खास माने जाते हैं। इसके साथ ही राजस्थान से आकर चुनाव कार्यक्रम देख रहे जुबैर खान आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी हैं। जुबैर राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के काफी करीबी हैं और प्रत्याशी चयन में भी उनकी अहम भूमिका थी।
घाटमपुर के आठ सेक्टरों में शहर कांग्रेस कमेटी की टीम तैनात कर चुनाव प्रचार कराना उनकी रणनीति का हिस्सा था। कभी शहर तो कभी घाटमपुर में प्रवास कर वह चुनाव पर पूरी निगाह रखे हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिव अंशू तिवारी भी प्रियंका वाड्रा की टीम का अहम हिस्सा बताए जाते हैं। घाटमपुर उपचुनाव के लिए उन्हें खासतौर पर कानपुर का प्रभारी बनाया गया है।
अंशू औरैया से आते हैं। इनके साथ ही प्रियंका वाड्रा के सलाहकार पूर्व सांसद राकेश सचान का कद पार्टी के साथ ही प्रियंका टीम में भी काफी बड़ा है। पूर्व सांसद राजाराम पाल भी इस टीम की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में इन धुरंधरों के हाथ उपचुनाव की कमान देकर प्रियंका पूरी निगाह बनाए हुए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक घाटमपुर में उनका प्रचार कार्यक्रम जल्द ही घोषित हो सकता है।