कानपुर के कंपनी बाग चौराहा व लेनिन पार्क पीरोड की ढाल हुई खतरनाक, समस्या के चलते राहगीर होते चोटिल
एक ही स्थान पर कई बार लीकेज रोज फंसते वाहन। लीकेज ठीक करने और गड्ढा भरने के नाम पर केवल खानापूरी की गयी है। ठीक से सड़क को मोटरेबल न करने और लीकेज के कारण गड्ढा हो गया है।
कानपुर, जेएनएन। जल निगम और जलकल के अफसरों की लापरवाही जनता के लिए जानलेवा बन सकती है। कंपनी बाग चौराहा और लेनिन पार्क पीरोड ढाल पर लीकेज के चलते सड़क खतरनाक हो चुकी है। लीकेज के कारण सुबह से लेकर शाम तक पानी सड़क पर बहता रहता है। धंसी सड़क में फंसकर रोज कई वाहन चालक गिरकर चोटिल होते हैं।
कंपनी बाग चौराहा पर एक पखवारे में दो बार लीकेज हो चुका है एक बार जल निगम का और दूसरी बार उसी जगह पर जलकल का लीकेज हो गया। लीकेज ठीक करने और गड्ढा भरने के नाम पर केवल खानापूरी की गयी है। ठीक से सड़क को मोटरेबल न करने और लीकेज के कारण गड्ढा हो गया है।
क्षेत्रीय लोगों ने बयां किया दर्द
क्षेत्र के राकेश शर्मा, संतोष यादव ने बताया कि रात में अंधेरा होने पर गड्ढा नहीं दिखायी देने के कारण दोपहिया वाहन फंसकर चोटिल हो जाते हैं। यही, हाल लेनिन पार्क पी-रोड ढाल का है यहां पर अब तक कई बार लीकेज हो चुकी है। पिछले दस दिन से लीकेज के कारण पानी बह रहा है। सड़क बैठती जा रही है। क्षेत्रीय पार्षद रीता पासवान ने बताया कि शिकायत करने के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं हुआ है। कई बार वाहन सवार फंस जाते है। जल्द लीकेज ठीक नहीं किया गया तो वह जनता के साथ अफसरों का घेराव करेगी।