विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 18, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कानपुर के बिठूर में सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास, शांति बहाली के लिए पीएसी तैनात

By Rahul MishraEdited By:
Published: Mon, 18 Jan 2021 04:12 PM (IST)

कानपुर के बिठूर में सफाई के बाद दीवारों के रंग रोगन को लेकर दो संप्रदायों के बीच तनाव की स्थिति है। सौहार्द बिगाड़ने को लेकर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

बिठूर के धार्मिक स्थल के बाहर तैनात पुलिस बल।
बिठूर के धार्मिक स्थल के बाहर तैनात पुलिस बल।

कानपुर, जेएनएन। बिठूर में सोमवार की सुबह कुछ लोगों ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। एक धार्मिक स्थल पर रंग रोगन करने को लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो गई और तनाव का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तीन थानों की पुलिस के साथ सीओ और एसडीएम ने पहुंचकर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। 

बिठूर के रामधाम चौराहे के बाद ब्रह्मनगर के पास एक प्राचीन धार्मिक स्थल है। करीब 15 दिन पहले इसकी सफाई कराने के बाद दीवारों को सफेद और हरे रंग से पुतवाया था। रविवार दोपहर को दूसरे समुदाय के लोगों ने धार्मिक स्थल को दूसरे रंग से पुतवा दिया। इसी को लेकर कुछ लोगों ने बिठूर पुलिस और शहर काजी को धार्मिक स्थल में तोड़फोड़ की सूचना दे दी। इसकी सूचना मिलते ही बिठूर, पनकी और कल्याणपुर थाने की पुलिस के अलावा सीओ कल्याणपुर अशोक कुमार सिंह और एसडीएम पूजा यादव मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। वहीं धार्मिक स्थल को फिर से सफेद रंग से पुतवा दिया। साथ ही तनाव की स्थिति को देखते हुए देर रात पीएसी तैनात कर दी गई।

मामले में बिठूर थाने के उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार और सन्नो देवी की ओर से प्राचीन और धार्मिक स्थल पर नमाज पढ़ने की नई परंपरा शुरू करने और वहां रंग रोगन कर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीएसी बल तैनात किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।