Move to Jagran APP

कानपुर आएंगे मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल संसाधन मंत्री, तैयारियों में जुटा रहा प्रशासनिक अमला

प्रदेश के छह शहरों में चल रहे नमामि गंगे के कार्यो की समीक्षा करेंगे। इन कामों से जुड़े अफसरों को बुलाया गया है। गंगा किनारे बीस घाटों का लोकार्पण का भी है कार्यक्रम।

By JagranEdited By: Published: Sun, 12 Aug 2018 04:15 PM (IST)Updated: Sun, 12 Aug 2018 06:00 PM (IST)
कानपुर आएंगे मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल संसाधन मंत्री, तैयारियों में जुटा रहा प्रशासनिक अमला
कानपुर आएंगे मुख्यमंत्री और केंद्रीय जल संसाधन मंत्री, तैयारियों में जुटा रहा प्रशासनिक अमला

जागरण संवाददाता, कानपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी के सोमवार को शहर आगमन को लेकर रविवार को पूरी सरकारी मशीनरी तैयारियों में जुटी रही। सुबह से शाम तक अफसर व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करते रहे। बारिश के बाद मुख्यमंत्री के रूट पर टूटी सड़कों व गड्ढों पर मरम्मत की गई।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी और गंगा सफाई मंत्री उमा भारती 13 अगस्त को शहर में होंगी। कार्यक्रम की तैयारिया पूरी कर ली गई हैं। रविवार को मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा और डीएम विजय विश्वास पंत ने चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित सभा स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल को देखा, साथ ही कार्यकर्ता और अफसर किन रास्तों से आएंगे, इसका निर्धारण किया। मुख्यमंत्री व अन्य मंत्री विश्वविद्यालय से केडीए पहुंचेंगे। ऐसे में केडीए तक के मार्ग को चमकाया गया। डिवाइडर की पेंटिंग की गई और सड़कों पर पैचवर्क किय गया। इस दौरान पाच सौ से अधिक मजदूर झाड़ू लगाने, कूड़ा उठाने और पैचवर्क आदि कायरें में लगाए गए। दोपहर तीन बजे डीएम ने एसएसपी अखिलेश कुमार के साथ विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। कौन पुलिसकर्मी व मजिस्ट्रेट कहा तैनात होगा यह तय किया।

- - - - - - - - - -

छह शहरों के कार्यो की समीक्षा करेंगे सीएम

कानपुर : मुख्यमंत्री सोमवार को नमामि गंगे के कामों की समीक्षा करेंगे। प्रदेश के छह शहरों में चल रहे नमामि गंगे के कामों से जुड़े अफसरों को बुलाया गया है। इसके अलावा शहर नमामि गंगे के तहत भैरोघाट चौराहा वीआइपी में सीसामऊ नाला टेप करने को लेकर बन रहे सीवरेज पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। केडीए सभागार में सीएम व जल संसाधन मंत्री कानपुर, इलाहाबाद, वाराणसी, गाजियाबाद, मुरादाबाद व मथुरा में चल रहे नमामि गंगे के एक-एक कामों की जानकारी लेंगे। अफसरों के साथ ही काम कर रहे ठेकेदारों को भी बुलाया गया है। शहर में नमामि गंगे के तहत 63 करोड़ रुपये से सीसामऊ नाला, गुप्तार घाट, परमियापुरवा, म्योर मिल, नवाबगंज, विष्णुपुरी नाला बंद किया जाना है। सीसामऊ नाले का एक हिस्सा बकरमंडी में बंद हो गया है। बाकी नालों को अक्टूबर 2018 तक पूरा करना है। 80 फीसद काम पूरा हो गया है। इसके अलावा 370 करोड़ रुपये से 34 वार्डो की सीवर लाइन की सफाई व मरम्मत चल रही है। यह काम जुलाई 2020 तक पूरा होना है अभी 25 फीसद काम हुआ है। इसके अलावा नमामि गंगे के तहत पनका में एसटीपी और चल रहे एसटीपी के संचालन के लिए टेंडर हो गया है, कंपनी फाइनल होनी है।

- - - - - - - - - -

20 घाटों का करेंगे लोकार्पण

कानपुर : जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी सीएसए में नगर व बिठूर में बन चुके 20 घाटों का लोकार्पण करेंगे। इनमें कानपुर- भैरोघाट, मैगजीन घाट, परमट घाट, सरसैया घाट, गुप्तार घाट, भगवतदास घाट, गोला घाट, मेस्कर घाट, कोयला घाट, सिद्धनाथ घाट बिठूर - पत्थर घाट, बरादरी घाट, तुलसीराम घाट, ब्रह्मावर्त घाट, छप्पर घाट, पांडु घाट, भरत घाट, सीता घाट, भैरोघाट, कौशल्या घाट - - - - - - - - - -

सीएम केडीए के क्यॉस्क का करेंगे लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केडीए मोतीझील में क्यॉस्क का लोकार्पण करेगे। इसमें क्यॉस्क की टच स्क्रीन के जरिये आवंटी प्रॉपर्टी की डिटेल, रसीद गुम होने पर चेकिंग और रसीद को ऑनलाइन लोड कर सकेंगे। हालांकि अभी सभी फाइलों का लेखा-जोखा ऑनलाइन नहीं चढ़ पाया है। इसको लेकर तेजी से काम कराया जा रहा है। उपाध्यक्ष सौम्या अग्रवाल ने बताया कि नई योजनाओं का लेखा-जोखा है पुरानी का चढ़ाया जा रहा है। एलईडी वाल के उद्घाटन की भी तैयारी कराई जा रही है। इसके लिए नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र लिया जाना है। - - - - - - - - - -

मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपेंगे सपाई

कानपुर : सपा महानगर के प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक शनिवार को नवीन मार्केट स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। इसमें महानगर अध्यक्ष अब्दुल मुईन खां ने कहा कि 13 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानपुर आ रहे हैं। सपा मूलभूत सुविधाओं और बाढ़ से बेघर हुए गरीबों को प्रधानमंत्री आवास दिलाए जाने की मांग उनसे करेगी। इसके लिए पार्टी का प्रतिनिधिमंडल प्रात: दस बजे पार्टी कार्यालय से ज्ञापन देने के लिए रवाना होगा। बैठक में विधायक इरफान सोलंकी, अमिताभ बाजपेयी, चंद्रेश सिंह, मो. हसन रूमी, वरुण मिश्रा, केके शुक्ला, आशू खान आदि उपस्थित थे। - - - - - - - - - -

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी आएंगे

कानपुर : 13 अगस्त को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी, गंगा सफाई मंत्री उमा भारती के साथ ही उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना भी आएंगे। शनिवार देर रात नितिन गडकरी और केशव प्रसाद मौर्य का प्रोटोकॉल जारी कर दिया गया। चकेरी एयरपोर्ट पर उप मुख्यमंत्री सुबह 10.15 बजे पहुंचेंगे और वहां केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का स्वागत करेंगे। इसके बाद वे उनके साथ चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्व विद्यालय स्थित जनसभा स्थल पर जाएंगे और शाम को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लखनऊ के लिए रवाना होंगे। - - - - - - - - - -

व्यापारियों के मन की बात सुनेंगे केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री

कानपुर : अपनी समस्याओं को लेकर व्यापारी सरकार से क्या चाहते हैं? इस पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री शिव प्रताप शुक्ल अगले सप्ताह शहर के व्यापारियों के मन की बात सुनेंगे। इसके लिए उन्होंने उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों को आश्वस्त भी किया है कि वे उनकी बातों को सरकार के सामने रखेंगे। नई दिल्ली में शहर के कारोबारियों से मुलाकात के दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने व्यापारियों से कहा है कि उनकी जो भी समस्याएं हैं, उन पर वे क्या चाहते हैं, इसे लिखित रूप में तैयार कर लें। उन्होंने अगले सप्ताह व्यापारियों से बात कर उनकी समस्याओं को समझने की बात कही। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री की पहल पर व्यापारियों की समस्याओं को समझ कर उन्हें एक प्रस्ताव के रूप में तैयार किया जा रहा है ताकि उसे श्री शुक्ला को सौंपा जा सके। उनके मुताबिक इसमें ई-वे बिल को पूरी तरह खत्म करने या उसकी सीमा बढ़ाने की बात तो कही ही जाएगी, इसके अलावा त्योहारों का समय शुरू हो गया है, उनसे हवन सामग्री को भी पूरी तरह मुक्त रखने के लिए कहा जाएगा। हाल ही में हुए राष्ट्रीय सम्मेलन में जो प्रस्ताव पास हुए उन्हें भी इसमें शामिल किया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.