अस्पताल से लौट रही कांग्रेस नेता की पत्नी से चेन लूट, स्कूटी से गिरकर हुईं चुटहिल
चकेरी के श्याम नगर में वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए।
कानपुर, जेएनएन। चकेरी के श्याम नगर में स्कूटी से जा रही कांग्रेस नेता की पत्नी की चेन लूटकर बाइक सवार लुटेरे भाग निकले। स्कूटी में धक्का लगने से सड़क पर गिरकर वह हो गई। साथ में मौजूद कांग्रेस नेता पति ने पकड़ने के लिए पीछा करने का प्रयास किया लेकिन बदमाश तमंचा लहराते निकल गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी है।
श्याम नगर चाणक्यपुरी निवासी नितेश चंद्र बाजपेयी उर्फ़ निम्मी कांग्रेस पार्टी से वार्ड 47 के अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि रविवार दोपहर वह पत्नी स्वाति के साथ श्याम नगर स्थित हॉस्पिटल गए थे। इसके बाद वह पत्नी के साथ रामपुरम स्थित ससुराल जा रहे थे। रास्ते में श्याम नगर सी ब्लॉक के पास स्कूटी के बराबर से बाइक सवार चलने लगे। जबतक वह कुछ समझ पाते बाइक के पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर पत्नी की चेन लूट ली। इस दौरान स्कूटी अनियंत्रित होने से पत्नी नीचे गिरकर चुटहिल हो गई।
उन्होंने आरोपितों को पकड़ने के लिए पीछा किया तो आरोपितों ने तमंचा निकाल लिया, जिसे देखकर वह रुक गए और आरोपित तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। उन्होंने पत्नी को उठाया और पुलिस को लूट की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को बताया कि बदमाश सफेद रंग की अपाचे बाइक से थे। दोनों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच की है। थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।