चार पदों पर प्रत्याशी कम, चुनाव की जरूरत नहीं
कानपुर उद्योग व्यापार मंडल में वरिष्ठ मंत्री, मंत्री, संगठन मंत्री, प्रचार मंत्री पदों पर नामांकन जरूरी पदाधिकारियों की संख्या से कम होने के चलते अब इन पदों पर चुनाव की जरूरत नहीं रह गई है।
जागरण संवाददाता, कानपुर : कानपुर उद्योग व्यापार मंडल में वरिष्ठ मंत्री, मंत्री, संगठन मंत्री, प्रचार मंत्री पदों पर नामांकन जरूरी पदाधिकारियों की संख्या से कम होने के चलते अब इन पदों पर चुनाव की जरूरत नहीं रह गई है। शनिवार को नाम वापसी के बाद इन पदों पर इन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया जाएगा। दूसरी ओर लाठी मोहाल व्यापार मंडल के दो प्रत्याशियों ने नामांकन वापस लेकर काशी प्रसाद शर्मा का नामांकन बचा लिया। शुक्रवार को तीन प्रत्याशियों ने समय से पहले ही नामांकन पत्र वापस लेने के लिए आवेदन कर दिया। शुक्रवार को जांच के दौरान कोई नामांकन पत्र निरस्त नहीं हुआ।
प्रचार मंत्री के दो पदों के लिए चुनाव होना है। इन पर दो ही नामांकन हैं। वरिष्ठ मंत्री के दो पदों के लिए एक ही नामांकन है। संगठन मंत्री के चार पदों के लिए चार ही पर्चे दाखिल हैं। इसके अलावा मंत्री पद के 10 पद के लिए सात ने आवेदन किया है। शनिवार को इन पदों पर नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद जो प्रत्याशी बचेंगे, उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा। अब अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष के पद पर निर्धारित प्रत्याशियों से ज्यादा नामांकन हैं।
इस चुनाव में स्थानीय बाजार के एक व्यापार मंडल से एक ही व्यापारी प्रत्याशी के रूप में उतर सकता है। लाठी मोहाल व्यापार मंडल से तीन व्यापारियों ने नामांकन कराया था। इस स्थिति में तीनों नामांकन निरस्त हो सकते थे। इसलिए लाठी मोहाल व्यापार मंडल की ओर से उपाध्यक्ष पद पर नामांकन कराने वाले अरुण अग्रवाल और मंत्री पद का पर्चा भरने वाले विवेक कुमार वर्मा ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके चलते कानपुर कपड़ा कमेटी के अध्यक्ष काशी प्रसाद शर्मा का पर्चा खारिज होने से बच गया। उन्होंने भी लाठी मोहाल व्यापार मंडल की ओर से पर्चा भरा था। इसके अलावा भाजपा उत्तर जिला महामंत्री सुनील बजाज ने भी वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद से नामांकन वापस ले लिया है।