चाचा ने मासूम भतीजी का बेरहमी से किया कत्ल, चीखते-चिल्लाते रह गए भाई-बहन
अचानक छत से बहन की चीख सुनकर भाई-बहन पहुंचे तो नजारा देखकर जोर जोर से चीखते चिल्लाते रहे और चाचा मासूम को बेरहमी से मारता रहा।
कानपुर, जेएनएन। शिवली के सुनवर्षा गांव में गुरुवार की सुबह चाचा ने मासूम भतीजी का बेरहमी से कत्ल कर दिया, उसे देखकर भाई-बहन चीखते चिल्लाते रहे। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और हत्या की वजह को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस ने गांव पहुंचकर माता-पिता और ग्रामीणों से पूछताछ के बाद आरोपित फरार चाचा की तलाश शुरू की है।
सुनवर्षा गांव में बालकिशन खेती किसानी करके परिवार भरण पोषण करते हैं। गांव में बने घर में वह पत्नी कुंती, 13 वर्षीय पुत्र विनय, 10 वर्षीय पुत्री शिखा और 7 वर्षीय पुत्री सलोनी के साथ रह रहे थे। बुधवार की रात पूरा परिवार मकान की छत पर सोया था। गुरुवार भोर पहर पांच बजे सलोनी को सोता छोड़कर बालकिशन अपनी पत्नी कुंती, पुत्र विनय और पुत्री शिखा के साथ छत से नीचे उतर आए थे। इसके बाद वह पत्नी के साथ खेतों पर चले गए थे। घर की छत पर सलोनी सो रही थी, जबिक विनय व शिखा खेल रहे थे।
अचानक छत से सलोनी की आवाज सुनकर भाई-बहन छत पर पहुंचे तो नजारा देखकर चीखने चिल्लाने लगे। उनका चाचा भूरा छत पर सलोनी को ईंट से बुरी तरह कुचलकर मार रहा था। चीख पुकार पड़ोसी पहुंचे तबतक भूरा भाग गया। इस बीच सलोनी ने भी दम तोड़ दिया। बेटी की हत्या की जानकारी पर घर लौटी मां कुंती का रो रोकर बुरा हाल हो गया। गांव आई पुलिस ने माता-पिता और गांव वालों से पूछताछ की। कोतवाल वीरपाल सिंह तोमर ने बताया कि मासूम की हत्या करके आरोपित चाचा फरार है। पिता की तहरीर पर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित चाचा मानसिक बीमार बताया जा रहा है।