Ganga Flood News: बिठूर में ब्रह्म खूंटी डूबी, कानपुर में अभी और बढ़ेगा गंगा का जलस्तर
बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम के मुताबिक नरौरा बांध से गंगा में 96305 क्यूसेक पानी और छोड़ा गया है। इसके बाद कानपुर के बिठूर में सभी घाटों के साथ ब्रह्म खूंटी भी डूब चुकी है। वहीं अभी गंगा का जलस्तर और बढ़ने को लेकर तटवर्ती गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। नरोरा से तेजी से आ रहे पानी के कारण बढ़ रहा गंगा का जलस्तर अभी और बढ़ेगा। शुक्लागंज की तरफ पिछले 24 घंटे में 36 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा है। रविवार को शुक्लागंज की तरफ गंगा का जलस्तर 112.16 मीटर था जो सोमवार को 112.52 मीटर हो गया। यह चेतावनी बिंदु से 48 सेंटीमीटर दूर है। इसके चलते गंगा किनारे के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। गांवों के किनारे तक पानी पहुंच गया है। सोमवार को बैराज से शुक्लागंज की तरफ इस साल का सबसे अधिक 3.18 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
पहाड़ों में हुई बारिश का असर गंगा में दिखने लगा है। नरोरा बांध से तेजी से आ रहे पानी के चलते गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। अभी इसके और बढऩे की आशंका है। इसे लेकर सिंचाई विभाग ने गंगा किनारे बसे गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है। नावों की व्यवस्था भी की जा रही है। गांव वालों ने भी गृहस्थी सुरक्षित रख ली है। बैराज की तरफ भी दो दिन में गंगा का जलस्तर अपस्ट्रीम में 43 सेंटीमीटर और डाउनस्ट्रीम में 37 सेंटीमीटर बढ़ गया है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पंकज गौतम ने बताया कि अभी गंगा का जलस्तर बढ़ेगा। अभी गांवों के अंदर पानी नहीं पहुंचा है। नरोरा बांध से पानी कम आने पर ही गंगा का जलस्तर कम होगा।
गंगा का जलस्तर
गंगा का हाल रविवार- सोमवार
अपस्ट्रीम पर जलस्तर - 113.40 मीटर- 113.83 मीटर
डाउनस्ट्रीम पर जलस्तर- 113.16 मीटर- 113.53 मीटर
शुक्लागंज में जलस्तर - 112.16 मीटर- 112.52 मीटर
चेतावनी बिंदु - 113 मीटर
खतरनाक बिंदु - 114 मीटर
नरोरा बांध से सोमवार को छोड़ा गया जल - 96,305 क्यूसेक
बैराज से शुक्लागंज की तरफ छोड़ा गया जल- 3,18,870 क्यूसेक