सलमान की फिल्म में काम कर चुकी किशोरी मित्र संग ऐसे रास्ते पर निकली, जिसकी दुश्वारियां नहीं थी पता
दिल्ली के लिए निकले दोनों ट्रेन से कानपुर रेलवे स्टेशन पर उतरे।
कानपुर, जेएनएन। दो नाबालिग सपनों की दुनिया बनाकर ऐसे रास्ते पर निकल पड़े, जिसकी दुश्वारियों के बारे में उन्हें पता नहीं था। बस सोचा कि गोवा में मस्ती करेंगे और अपने अंजान रिश्ते को एक नाम देंगे। दिल्ली के लिए निकले दोनों ट्रेन कानपुर तक ही होने के चलते शनिवार शाम रेलवे स्टेशन पर उतर गए। किशोर किशोरी के हावभाव देखकर शक होने चाइल्ड लाइन ने पकड़ लिया। दोनों ने जब अपनी कहानी सुनाई तो सभी हैरान रह गए। दोनों माया नगरी में शुरूआत के लिए निकले थे। किशोरी सलमान की एक फिल्म में काम कर चुकी है। लड़का हीरो बनने का ख्वाब सजाए है।
मूल रूप से मिर्जापुर की रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी की मां एक केंद्रीय मंत्री के प्रचार-प्रसार का काम देखती है और पिता विदेश में रहते हैं। किशोरी के मुताबिक शुक्रवार गोरखपुर में अपने परिचित से मिलने जा रही थी, तभी कुछ युवकों ने उसका पीछा किया। परिचित किशोर ने उसे बचाया। उसके साथ मिले गोरखपुर फायर स्टेशन में तैनात सब इंस्पेक्टर का बेटे ने बताया कि शोहदों से बचने के दौरान गिरकर चुटहिल हो गए। इसके बाद किशोरी को लेकर दिल्ली होते हुए मुंबई के लिए निकला। इसके बारे में अपनी बहन को जानकारी दी थी। उनकी कहानी पर पहले किसी को यकीन नहीं हुआ। इसकी जानकारी दोनों के परिजनों दी गई तो वे बच्चों के कानपुर में होने की बात सुनकर चौंक गए।
किशोरी की मां ने फोन पर बताया कि बेटी कुछ दिन पहले गोरखपुर में सलमान खान द्वारा अभिनीत एक फिल्म में शूटिंग के सिलसिले में गई थी। उसके साथ क्या हुआ इसकी जानकारी नहीं है। चाइल्ड लाइन के समन्वयक धर्मेंद्र झा ने बताया कि यह दोनों सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर दिल्ली जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। शक होने पर दोनों को पकड़ा गया। दोनों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सुपुर्द कर एसएसपी व स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई है। परिजनों के आने और जांच पड़ताल के बाद ही सही घटना की जानकारी हो सकेगी।