बूथ प्रमुख और सेक्टर प्रभारियों को प्रशिक्षण देगी भाजपा, विस चुनाव में हर जीती सीट पर रहेगी नजर
कानपुर नगर में भाजपा का घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र पर विशेष फोकस है और प्रशिक्षण के लिए 14 सितंबर तक अभियान चलाया जाएगा।
कानपुर, जेएनएन। 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में भारतीय जनता पार्टी बाकी राजनीतिक दलों से काफी आगे चल रही है। बूथ कमेटियों के सत्यापन के बाद अब पार्टी सेक्टर प्रमुख और सेक्टर प्रभारियों को चुनाव के लिए प्रशिक्षित करने जा रही है। हालांकि इस दौरान पार्टी का विशेष फोकस घाटमपुर विधानसभा क्षेत्र पर है क्योंकि इस विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव जल्द होने वाले हैं और पार्टी को अपनी जीती हुई सीट पर काबिज रहने की चुनौती है।
जुलाई के पहले पखवाड़े से अगस्त के मध्य तक भाजपा ने जिले भर में बनी अपनी बूथ कमेटियों का सत्यापन किया था। इसमें एक-एक सदस्य से बात कर उसे सक्रिय करने का प्रयास किया गया। साथ ही बूथ कमेटी को पूरी तरह अपडेट किया गया था। विधानसभा चुनाव के लिए एक-एक कदम आगे बढ़ रही भाजपा अब सेक्टर पर पहुंच गई है। पार्टी ने प्रदेश स्तर से जिलों को नया कार्य सौंप दिया है।इसमें सेक्टर प्रमुख व सेक्टर प्रभारियों को चुनाव से जुड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रदेश स्तर से कोई एक पदाधिकारी भी मौजूद रहेगा जो प्रशिक्षण किस तरह हो रहा है, इस पर नजर रखेगा। यूं तो यह प्रशिक्षण कानपुर की सभी 10 विधानसभा सीटों के लिए होगा लेकिन घाटमपुर पर खास नजर रहेगी। पार्टी ने 2017 में यह सीट पहली बार जीती थी। इसलिए संगठन को इस सीट पर खासी मेहनत भी करनी है।