भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष की हादसे में मौत, चित्रकूट में पिकअप से टकराई कार
चित्रकूट में रहने वाले भाजपा नेता पार्टी के काम से बेटे के साथ बांदा गए थे देर रात लौटते समय बेड़ी पुलिया के पास हादसा हो गया गंभीर रूप से जख्मी बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां हालत चिंता जनक बताई जा रही है।
चित्रकूट, जेएनएन। बुधवार देर रात कर्वी कोतवाली अंतर्गत बेड़ी पुलिया के पास सामने से आ रही पिकअप से कार टकराने में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष की मौत हो गई। उनके बेटे को भी चोटें आई हैं। उनके मौत की सूचना मिलते ही भाजपाइयों में शोक की लहर दौड़ गई।
चित्रकूट के पहाड़ी थानाक्षेत्र के ओरा गांव निवासी जय विजय सिंह भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष थे। इसके साथ ही भाजपा संगठन में कई पदों पर भी रहे थे। बुधवार को वह पार्टी के काम से बांदा गए थे। वहां से लौटते समय रात करीब साढ़े आठ बजे बेड़ी पुलिया के पास सामने से आ रही पिकअप से उनकी सफारी गाड़ी टकरा गई।
गंभीर हालत में स्वजन उन्हें रात दस बजे प्रयागराज के स्वरूपरानी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन रात में ही शव लेकर घर लौट गए। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश खरे, राकेश केशरवानी, राम सागर चतुर्वेदी व शिवप्रसाद जायसवाल ने बताया कि सड़क हादसे में गाड़ी चला रहे उनके बेटे रामफल सिंह को भी चोटें आई हैं। उनका इलाज जिला अस्पताल कर्वी में किया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार पाठक ने बताया कि चालक पिकअप लेकर फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।