बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव: दोपहर 1 बजे तक 46.16% मतदान, ADM ने बूथों का किया निरीक्षण
कानपुर के बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान जारी रहा, जिसमें दोपहर एक बजे तक 46.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

एडीएम ने बूथों का किया निरीक्षण।
HighLights
बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव के लिए मतदान जारी।
दोपहर एक बजे तक 46.16 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।
9474 मतदाता सात प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे।
जागरण संवाददाता, कानपुर। बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में मंगलवार को मतदान जारी रहा। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होना है। दोपहर एक बजे तक कुल 46.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
कुल 9474 मतदाताओं में से 4373 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय रहे। एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर मतदान व्यवस्था का जायजा लिया।
मतदान के शुरुआती घंटों में मतदाताओं की भागीदारी धीरे-धीरे बढ़ी। सुबह नौ बजे तक 1439 मतदाताओं ने वोट डाले थे, जो कुल मतदाताओं का 15.19 प्रतिशत था। सुबह 11 बजे तक यह आंकड़ा बढ़कर 3047 पहुंच गया और मतदान प्रतिशत 32.16 दर्ज किया गया।
दोपहर एक बजे तक 1326 और मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बूथवार आंकड़ों के अनुसार, बूथ संख्या सात पर सबसे अधिक 58.38 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां 800 मतदाताओं में से 467 ने वोट डाले। बूथ संख्या पांच पर 885 में से 497 मतदाताओं ने मतदान किया, जो 56.16 प्रतिशत रहा। बूथ संख्या तीन पर 929 में से 462 मतदाताओं ने वोट डाले और मतदान प्रतिशत 49.73 रहा।
वहीं, बूथ संख्या आठ पर मतदान की गति अपेक्षाकृत धीमी रही। यहां 1283 मतदाताओं में से 421 ने वोट डाले, जो 32.81 प्रतिशत है। बूथ संख्या नौ पर 888 में से 334 मतदाताओं ने मतदान किया और प्रतिशत 37.61 रहा।
नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में सात प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के लिए पांच मतदान केंद्रों पर 10 बूथ बनाए गए हैं। मतदान व्यवस्था की निगरानी के लिए दो सेक्टर और एक जोन निर्धारित किया गया है। कुल 9474 मतदाताओं के मतों से प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला होगा।
