गंगा किनारे बिखरेगी अद्भुत छटा, कला-संस्कृति के रंगों से सजेगा बिठूर महोत्सव
18 से 21 दिसंबर तक होंगे कार्यक्रम, मुख्यमंत्री के भी आने की संभावना। गंगा आरती, लघु नाटक व लाफ्टर शो के साथ होगा शुभारंभ।
कानपुर, जेएनएन। गंगा किनारे बसे बिठूर की शान में होने जा रहा इस बार का महोत्सव कला-संस्कृति के विभिन्न रंगों से सजा होगा। कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की भी संभावना है।
बिठूर महोत्सव 18 से 21 दिसंबर तक होने जा रहा है। इसकी तैयारियों को लेकर शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी अक्षय त्रिपाठी और एडीएम सिटी विवेक श्रीवास्तव ने विकास भवन सभागार में बैठक की। सीडीओ ने बताया कि महोत्सव में फूड स्टॉल, हैंडीक्राफ्ट स्टॉल, कानपुर की धरोहर से संबंधित स्टॉल भी लगाए जाएंगे। बैठक में प्रशिक्षु आइएएस शशांक चौधरी, प्रेरणा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट रवि प्रकाश श्रीवास्तव सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
यूं चलेगा कार्यक्रमों का सिलसिला
18 दिसंबर : शाम 4 बजे उद्घाटन। इसके बाद गंगा आरती, लघु नाटक, गायन संध्या व लाफ्टर शो।
19 दिसंबर : 11 से 3 बजे तक 6 से 12वीं कक्षा तक के बच्चों द्वारा गायन, नृत्य, रंगोली, पेंटिंग आदि की प्रस्तुति। 3.30 से 5.30 बजे तक परंपरागत फैशन शो, शाम 6 बजे से कवि सम्मेलन।
20 दिसंबर : सुबह 11 बजे से विंटेज कार रैली, फिर दंगल व कुश्ती प्रतियोगिता, दोपहर 12 बजे से आशा व युवा सम्मेलन, 2.30 से 5.30 बजे तक दिव्यांग बच्चों के विभिन्न कार्यक्रम। शाम 6 बजे से लोक गायन।
21 दिसंबर : 11 बजे से किसान सम्मेलन, 3.30 बजे से पुरस्कार वितरण, प्रायोजक/आयोजक का परिचय और शाम 6 बजे से बॉलीवुड नाइट।