कानपुर देहात: रनियां में रेलवे उपकरण फैक्ट्री में भट्ठी फटने से श्रमिक की मौत, चार गंभीर, लोहा गलाते समय हुआ हादसा
अकबरपुर के रनियां में बड़ा हादसा हाे गया। यहां रेलवे उपकरण फैक्ट्री में लोहा गलाते समय भट्ठी फट गई। जिससे एक श्रमिक की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर घायल हो गए हैं। नाराज स्वजन ने लापरवाही का आरोप लगा शव रख प्रदर्शन किया है।
कानपुर देहात, जागरण संवाददाता। अकबरपुर के रनियां में रेलवे उपकरण बनाने वाली फ्रंटियर फैक्ट्री में शनिवार रात लोहा गलाते समय भट्ठी फट गई। इससे पिघला लोहा चारों तरफ फैल गया। इससे मालवर गांव निवासी श्रमिक 60 वर्षीय राम आसरे पाल की मौत हो गई जबकि चार लोग बुरी तरह से झुलस गए। चारों को अस्पताल ले जाया गया जहां से कानपुर रेफर कर दिया। घटना से नाराज रामआसरे के स्वजन ने शव को फैक्ट्री परिसर में रख दिया और हंगामा किया। उनका कहना था कि लापरवाही बरती गई है। अकबरपुर, गजनेर व रूरा थाने का पुलिस बल पहुंचा और सभी को शांत कराया।
कानपुर नगर के काकादेव निवासी मनु भाटिया की यहां रनियां में रेलवे उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री है। यहां पर शनिवार रात को इंडक्शन फर्नेस भट्ठी में काम हो रहा था। इसमें लोहे के कबाड़ को गलाया जाता है। रामआसरे पाल सरिया की मदद से अंदर कबाड़ को डाल रहे थे और भट्ठी के ढक्कन को बंद किया। गैस बनने व दबाव अधिक होने से भट्ठी तेज आवाज में फट गई। इससे पिघला लोहा आसपास फैल गया और आसपास रखे उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए। इससे रामआसरे की जान गई साथ ही दूसरे श्रमिकों फत्तेहपुर रोशनाई निवासी दीपक मिश्र, पामा गजनेर के धनंजय, रनियां के रामवीर सिंह व बदौसा बांदा के विलियम झुलस गए। तेज धमाके की आवाज से फैक्ट्री कर्मी घटनास्थल की ओर दौड़े तो नजारा देख दंग रह गए झुलसे श्रमिक बुरी तरह से दर्द से तड़प रहे थे। चारों को पास के नर्सिंग होम ले जाया गया जहां से कानपुर रेफर कर दिया गया।
रामआसरे की पत्नी विमला देवी, बेटा गुड्डू, धीरेंद्र, सुरेंद्र व बेटी सोनी फैक्ट्री पहुंचे और रोना पीटना मच गया। शव को वहीं रखकर वह लोग हंगामा करने लगे और लापरवाही का आरोप लगाया। एसडीएम वागीश शुक्ला, थाना प्रभारी अकबरपुर विनोद पांडेय पुलिस बल संग पहुंचे। स्वजन को समझाने का प्रयास किया लेकिन स्वजन कार्रवाई व मुआवजे की मांग की। एसडीएम ने बताया कि घटना कैसे हुई जांच की जाएगी। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी साथ ही आर्थिक मदद दलाई जाएगी।