Express-way Accident: तेज बारिश में एक्सप्रेस वे पर कार पलटने से पिता-पुत्री की मौत, पांच घायल
कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के प्वाइंट 151 के पास हादसा हुआ है कार सवार लोग दिल्ली से बिहार जा रहे थे।
कन्नौज, जेएनएन। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में पिता-पुत्री की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कार सवार दिल्ली से बिहार जा रहे थे। हादसे के वजह तेज बारिश बताई जा रही है।
दिल्ली के अशोक विहार कॉलोनी निवासी शशिकांत उपाध्याय पुत्र ओम प्रकाश उपाध्याय पत्नी सपना, बेटी प्रियल ,सोना ,श्रेया ,पारुल के साथ बिहार जा रहे थे। कार को राजकुमार चला रहे थे। गुरुवार सुबह कन्नौज से गुजरते समय तेज बारिश हो रही थी। शीशे पर पानी आ जाने के कारण चालक को आगे दिखा नहीं और कार किलोमीटर 151 पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में कार सवार सात लोग घायल हो गए और एक्सप्रेस वे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। सूचना पर पहुंचे यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी नामवर सिंह, एनसीसी अधिकारी प्रदीप सिंह, शैलेंद्र सिंह ने घायलों को कार से बाहर निकाला और तिर्वां मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने शशिकांत उपाध्याय और उनकी छह वर्षीय बेटी प्रियल को मृत घोषित कर दिया। यूपीडा अधिकारियों ने घायलों के स्वजन को हादसे की जानकारी दी है।