11 साल बाद पकड़ा गया बावरिया गैंग का खूंखार बदमाश कल्लू, हत्या-डकैती के आरोप और 75 हजार का था इनाम
बिल्हौर अरौल पुलिस ने 11 साल से फरार बावरिया गैंग के सदस्य कल्लू उर्फ फिरोज को गिरफ्तार किया है। उस ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कानपुर। बिल्हौर अरौल पुलिस ने विभिन्न जिलों में हत्या लूट और डकैती डालने के मामले में 11 वर्ष से फरार चल रहे बावरिया गैंग के सदस्य को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ कानपुर और जौनपुर पुलिस द्वारा 75 हजार का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने आरोपित के पास से तमंचा और दो कारतूस बरामद किए।
एसीपी मजय सिंह ने बताया कि बिल्हौर थाने के खाड़ामऊ गांव निवासी राजा सिंह के घर में वर्ष 2015 में डकैती पड़ी थी। इस दौरान डकैतों ने घर के सदस्यों से लाठी डंडों से मारपीट कर लूटपाट की थी। मारपीट में राजा सिंह की मौत हो गई थी। मामले में चार अज्ञात के खिलाफ डकैती और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच में प्रकाश में आया आरोपित मकनपुर निवासी कल्लू उर्फ फिरोज पुत्र फैज मोहम्मद उर्फ सैद मोहम्मद उर्फ निजामुद्दीन उर्फ निजामू फरार हो गया था। आरोपित बावरिया गैंग के सरगना रहे सलीम का भतीजा है। आरोपित ने वर्ष 2014 में जौनपुर जिले के शाहगंज में डकैती के दौरान एक व्यक्ति की पीट कर हत्या कर दी थी।
घटना के बाद आरोपित विभिन्न राज्यों राजस्थान, उत्तराखंड, महाराष्ट्र व झारखंड में अलग-अलग स्थानों पर पहचान छुपाते हुए नाम बदलकर निवास कर रहा था। मामले में आरोपित के खिलाफ जौनपुर पुलिस द्वारा 50 और कानपुर पुलिस द्वारा 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
अरौल इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार आरोपित को मकनपुर क्षेत्र के सिंघौली गांव स्थित हनुमान मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपित के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किए गए। आरोपित के खिलाफ अरौल थाने में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज किया गया।
आरोपित के खिलाफ पूर्व में विभिन्न थानों में संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपित को न्यायालय में पेश करने के लिए भेजा गया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक विशाल शर्मा, नैतिक नारायण सिंह, गीतांजली, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह, जितेन्द्र सिंह, विशाल सिंह मौजूद रहे।
