बिठूर में बछेंद्री के नेतृत्व वाले दल ने बिल्कुल घर की तरह साफ किये गंगा के घाट
एवरेस्ट विजेता बछेंद्री पाल ने 40 सदस्यों संग बिठूर के पत्थर घाट पर की सफाई। गंगा को दूषित न करने के लिए लोगों को किया जागरूक। गंगा साफ रखने की जिम्मेदारी सभी की है।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। महज कहने से नहीं, कुछ कर दिखाने से मोक्षदायिनी साफ होंगी। यह बात एवरेस्ट विजेता प्रथम महिला बछेंद्री पाल ने सोमवार को बिठूर के पत्थर घाट पर कही और 40 सदस्यों के साथ साफ-साफाई कर स्वच्छ गंगा का संदेश दिया। गंगा में गिरने वाले नालों-नालियों की गंदगी और कूड़े को ठीक उसी तरह साफ किया जैसे कोई अपने घर की सफाई करता है। उन्हें देखकर उत्साहित स्थानीय लोग भी साथ देने आ गए।
एवरेस्ट बछेंद्री पाल ने कहा कि गंगा को साफ रखने की जिम्मेदारी सभी की है। गंगा दूषित न हों, इसके लिए जनसहभागिता की भूमिका सबसे अहम होगी। गंगा स्वच्छता मिशन के तहत इस अभियान में डीएफओ अरविंद यादव, गंगा विचार मंच के प्रांतीय संयोजक राघवेंद्र सिंह, अनिल सिंह बाबा आदि मौजूद रहे।
बंद कराएं गंगा में गिरने वाले नाले
बछेंद्री पाल ने भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा से कहा कि गंगा में जो छोटे-बड़े नाले गिर रहे हैं। उन्हें डाइवर्ट कराने के लिए स्थानीय प्रशासन से बात करें। नालों का गंदा पानी गिरने से गंगा दूषित हो रही हैं। नालों का गंदा पानी गंगा में गिरने से बंद कराएं।
सिख रेजीमेंट ने किया सम्मानित
रामगढ़ से दिल्ली तक साइकिल यात्रा पर निकले सिख रेजीमेंट के जवानों ने बिठूर में एवेरेस्ट विजेता बछेंद्री पाल और चेतना साहू को सम्मानित किया। जवानों ने पर्यावरण को संरक्षित करने की भी बात कही।