अफसरों का निलंबन न हुआ तो कानपुर बंद करेगा व्यापार मंडल, जानिए क्या है मामला Kanpur News
शहर में 193 व्यापारिक संगठनों के एक साथ समर्थन पत्र लेकर आंदोलन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है।
कानपुर, जेएनएन। कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के महामंत्री विनोद गुप्ता की दुकान के अतिक्रमण को गिराये जाने के मुद्दे को व्यापार मंडल ने अब बड़े स्तर पर ले जाने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को नयागंज स्थित जयंती भवन में हुई बैठक में तय हुआ कि शहर के 193 व्यापारिक संगठनों के समर्थन पत्रों के साथ सिटी मजिस्ट्रेट रवि श्रीवास्तव, नगर निगम के जोनल अधिकारी नितिन पटेल और थाना कलक्टरगंज के इंस्पेक्टर भोलू सिंह भाटी के निलंबन की मांग करेगा। संगठन ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार उनकी मांग स्वीकार नहीं करेगी तो शहर का बाजार बंद कराकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
महामंत्री विनोद गुप्ता ने पदाधिकारियों को बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट ने एक दिन पहले उन्हें फोन कर कहा था कि वह सहयोग नहीं करते। पॉलीथिन पकडऩे के लिए टीम जाती है तो वह पहुंचकर रोक देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसीलिए गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट ने अतिक्रमण विरोधी अभियान में उनकी दुकान समेत पांच दुकानों को टारगेट किया। मंडल अध्यक्ष विजय पंडित ने कहा कि अवैध रूप से किया गया यह ध्वस्तीकरण व्यापार मंडल बर्दाश्त नहीं करेगा। इसे लेकर संघर्ष करेंगे।
बैठक में प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, रामेश्वर गुप्ता, प्यारेलाल गुप्ता, नीरज दीक्षित, निर्मल त्रिपाठी, राजेश गुप्ता, रोशन लाल अरोड़ा, नटवर मिश्रा, श्याम अग्र्रहरि, संत मिश्रा, कृपाशंकर त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।
अतिक्रमण हटाने के लिए दें तीन दिन का समय
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा से मिलकर मांग की है कि अतिक्रमण हटाये जाने से पूर्व तीन दिन का समय दिया जाए। उन्होंने कहा कि अचानक पहुंचकर अतिक्रमण गिराने से दीवारें तक टूटने लगती हैं।
प्रदेश महामंत्री ज्ञानेश मिश्रा ने कहा कि बारिश, धूप से बचाने के लिए दुकान के आगे लगे शेड न तोड़े जाएं। एक्सप्रेस रोड व्यापार मंडल अध्यक्ष रोशन गुप्ता ने कहा कि एक्सप्रेस रोड के पौशाला के कब्जे खाली कर वहां ठंडे पानी की मशीन लगाई जाए। इस मौके पर राजे गुप्ता, चंद्राकर दीक्षित, हरिशंकर गुप्ता, अतुल त्रिपाठी, दिनेश शुक्ल आदि मौजूद रहे।
घोषणा के बाद शपथ ग्रहण की कवायद
भारी भरकम कमेटी के साथ सबको संतुष्ट करने की कवायद के बीच अब कानपुर उद्योग व्यापार मंडल ने शपथ ग्र्रहण की कवायद शुरू कर दी है। अगले माह 21 जुलाई को शपथ ग्र्रहण समारोह के लिए उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा का समय व्यापार मंडल ने हासिल कर लिया है। व्यापार मंडल की करीब दो सौ पदाधिकारियों की कमेटी बनाई गई है। यह संख्या कुल सदस्यों की करीब एक तिहाई है। स्थित यह है कि जिसने भी पद पाने की थोड़ी सी इच्छा जताई उसे पद दे दिया गया। सभी ने अपने ज्यादा से ज्यादा करीबियों को पदाधिकारी बनवा कर संगठन पर पकड़ बनाने के प्रयास किए।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप