विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 11, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

हेयर ट्रांसप्लांट के बाद इंजीन‍ियर की मौत, महिला डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज

Published: Sun, 11 May 2025 12:08 AM (IST)

हेयर ट्रांसप्लांट कराने के बाद पावर प्लांट के सहायक अभियंता (एई) की मौत के मामले में पुलिस ने 54 दिन ...और पढ़ें

हेयर ट्रांसप्‍लांट कराने के बाद एई की मौत।- सांकेत‍िक तस्‍वीर
हेयर ट्रांसप्‍लांट कराने के बाद एई की मौत।- सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. 54 दिन बाद रावतपुर थाना पुलिस ने की कार्रवाई
  2. आरोपित डॉक्टर ने अब तक नहीं दर्ज कराए बयान

जागरण संवाददाता, कानपुर। हेयर ट्रांसप्लांट कराने के बाद पावर प्लांट के सहायक अभियंता (एई) की मौत के मामले में पुलिस ने 54 दिन बाद आरोपित महिला डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी अभिषेक पांडेय ने बताया कि डॉक्टर से एई को मिलवाने वाले के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। महिला डॉक्टर बुलाने के बावजूद नहीं आई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मूल रूप से गोरखपुर निवासी 37 वर्षीय विनीत कुमार दुबे पनकी पावर प्लांट में सहायक अभियंता (एई) थे। वह पत्नी जया त्रिपाठी व दो बच्चों के साथ पनकी स्थित ऑफीसर्स कालोनी में रहते थे। 11 मार्च के बाद पत्नी बच्चों संग मायके गोंडा चली गई थी। विनीत ने 13 मार्च को हेयर ट्रांसप्लांट कराने के लिए वाराही क्लीनिक की डॉ. अनुष्का तिवारी से संपर्क किया था। इसके बाद उनका हेयर ट्रांसप्लांट हुआ।

पत्नी जया ने बताया उनके मोबाइल फोन पर 14 मार्च की सुबह अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने बताया कि विनीत के चेहरे पर सूजन है और उन्हें अनुराग हॉस्पिटल में भर्ती कराने जा रहे हैं, इसके बाद कॉल कट गई। दोबारा कॉल की गई तो मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। रात करीब 11 बजे डॉ. अनुष्का के नंबर पर भी कॉल की गई तो उनका भी फोन बंद मिला। इस पर उन्होंने कानपुर में रहने वाले चाचा को अनुराग हॉस्पिटल भेजा। हालत बिगड़ने पर वह विनीत को रीजेंसी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान 15 मार्च को उनकी मौत हो गई।

दिवंगत की पत्नी का आरोप है कि पति की मौत के बाद डॉ. अनुष्का से बात हुई तो उन्होंने बताया था कि बिना जांच किए हेयर ट्रांसप्लांट की गलती हुई है। ट्रांसप्लांट के बाद देखरेख में भी लापरवाही बरती गई। दर्द होने पर दर्द निवारक इंजेक्शन लगा दिया जाता था। वह कार्रवाई को लेकर तब से दौड़ रही थीं। अधिकारियों के पास गुहार लगाने पर अब डॉ. अनुष्का के खिलाफ लापरवाही से इलाज करने से मौत की धारा में रावतपुर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ। वहीं, डॉ. अनुष्का का पक्ष जानने के लिए उनके नंबर पर कॉल की गई, लेकिन उस मोबाइल नंबर की इनकमिंग बंद थी।

यह भी पढ़ें: Hair Transplant में जरा सी चूक बन रही मौत का कारण, लोगों के जीवन से किया जा रहा खिलवाड़; न करें ये गलती