आश्रम में घुसे अराजक तत्वों ने साधुओं को जमकर पीटा, कपड़े व रुपये भी ले गए
निर्जन स्थान में आश्रम होने से ग्रामीण नहीं सुन सके चीखपुकार सुबह हुई जानकारी।
इटावा, जेएनएन। शराब के नशे में धुत आधा दर्जन अराजक तत्वों ने इटावा फर्रुखाबाद मार्ग पर स्थित हनुमान आश्रम में जमकर उत्पात किया। साधुओं को जमकर पीटने के साथ ही वे आश्रम पर रखे हुए कपड़े रुपये आदि लेकर भाग गए। घटना को लेकर आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना ऊसराहार क्षेत्र के अन्तर्गत फर्रुखाबाद इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग 92 पर गिरधरपुर गांव में हनुमान आश्रम है। इस आश्रम पर साधु राम गिरी महाराज और धर्म गिरी महाराज रहते हैं। बुधवार रात बारिश हो रही थी, इसी बीच करीब आधा दर्जन अराजक तत्व आश्रम में घुस आए और साधुओं को पीटना शुरू कर दिया। निर्जन स्थान होने से साधुओं की चीखपुकार को कोई नहीं सुन सका।
एक साधु के हाथों पैरों में काफी चोटें आई हैं। एक घंटा तक उत्पात करने के बाद सभी भाग निकले। ग्रामीण जब सुबह आश्रम पहुंचे तो जानकारी हुई। सूचना पर ऊसराहार पुलिस भी मौके पर पहुंची और साधुओं से जानकारी ली। पीडि़त धर्म गिरी महाराज ने बताया कि रात बारह बजे की घटना है। थानाध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने बताया कि पीटने वालों को चिह्नित किया गया है। मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।