वोट के लिए लगाई आंबेडकर प्रतिमा, हटाने के दौरान पथराव
पंचायत चुनाव नजदीक आते ही वोटरों को रिझाने का खेल शुरू हो गया है।
संवाद सहयोगी, घाटमपुर: पंचायत चुनाव नजदीक आते ही वोटरों को रिझाने का खेल शुरू हो गया है। स्थानीय विकास खंड की ग्राम पंचायत राहा के पंचायत भवन व स्वास्थ्य उप केंद्र परिसर में रातो रात आंबेडकर प्रतिमा स्थापित कराने की सूचना पर शुक्रवार को हड़कंप मच गया। पुलिस ने दबाव बनाकर प्रतिमा हटवाना शुरू किया तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसके बाद काम रोक दिया गया।
तकरीबन चार हजार मतदाताओं वाली राहा ग्राम पंचायत में राहा के अलावा शीतलपुर, जलाला व अयोध्यापुर गांव आते हैं। पिछले पंचायत चुनाव में यहां से प्रतिमा सिंह ग्राम प्रधान चुनी गई थीं। तकरीबन 2000 मतदाता संख्या वाले राहा गांव में 75 फीसदी अनुसूचित जाति की आबादी है। पंचायत चुनाव में अनुसूचित जाति के मतदाताओं को लुभाने के लिए प्रधान पद के दावेदारों ने पंचायत भवन में रातों रात आंबेडकर प्रतिमा लगवा दी। चारों ओर ऊंची बाउंड्री के चलते दोपहर बाद ग्रामीणों ने प्रतिमा देखी तो प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। शुक्रवार शाम मौके पर पहुंची जाजपुर चौकी पुलिस ने पूछताछ कर लेागों के बयान दर्ज किए। ग्राम प्रधान पति मनोज सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की आम सहमति से पंचायत व स्वास्थ्य उप केंद्र परिसर में आंबेडकर प्रतिमा लगी है। इसे ग्रामवासियों से मिलकर लगवाया है। मैनें सिर्फ सहयोग किया है।
उधर शासन की बगैर अनुमति के प्रतिमा स्थापित कराने को लेकर एसडीएम ने प्रभारी निरीक्षक को माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। रात तकरीबन साढ़े आठ बजे जाजपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार के साथ प्रधान पति खुद प्रतिमा हटवाने पंचायत घर पहुंचे थे। प्रतिमा को उखाड़ कर चबूतरे से नीचे हटाने की सूचना फैली, तो दर्जनों महिला पुरुषों की भीड़ विरोध में जुट गई। इसी दौरान अराजकतत्वों ने पथराव शुरू कर दिया। एक पत्थर मौके पर मौजूद महिला को भी लगा। इससे भगदड़ मच गई। पुलिस भी बैकफुट पर आ गई। प्रधान पति ने बताया कि प्रतिमा को चबूतरे के नीचे रख पंचायत भवन में ताला बंद करा दिया गया है। जाजपुर चौकी प्रभारी ने बताया कि महिला को मामूली चोट आई है। सुबह प्रतिमा को मौके से हटवाया जाएगा।