दर्पण के सामने सोचें अखिलेश, वह कितने सही : अमर सिंह
मर्चेंट चेंबर सभागार में अमर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। सेक्युलर मोर्चा बनाने पर सवाल पर कहा अब वह किसी से बात नहीं करते हैं।
कानपुर (जागरण संवाददाता) : राज्यसभा सदस्य अमर सिंह ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ जमकर गुबार निकाला। बोले, मैंने उन्हें विदेश में स्नातक की पढ़ाई कराई, पहला टिकट कन्नौज से दिलवाया, इसके बावजूद वह मेरा विरोध करते हैं। अखिलेश यादव अभी शैशवावस्था में हैं। वह दर्पण के सामने खड़े होकर सोचें कि वह कितने सही हैं।
मर्चेंट चेंबर सभागार में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए अमर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में मुलायम सिंह यादव को समाजवादी पार्टी का पिता बताया। इसके साथ ही अखिलेश पर तंज भी कसते हुए कहा कि रामचंद्र कह गए सिया से ऐसा कलयुग आएगा, बेटा अखिलेश राज करेगा, बूढ़ा बाप मुलायम जंगल को चला जाएगा। पूर्व मंत्री शिवपाल यादव के सेक्युलर मोर्चा बनाने पर सवाल के जवाब में अमर सिंह ने कहा कि उस परिवार में अब वह किसी से बात नहीं करते। यह भी कहा कि शिवपाल यादव को भाजपा में जाने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन वह नहीं माने।
मोदी मस्जिद न जाएं सवाल, जाएं तो भी सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मस्जिद जाने पर पूछे गए सवाल के जवाब में अमर सिंह ने मुस्कुराते हुए कहा कि मस्जिद न जाएं तो सवाल, जाएं तो भी सवाल। वह बोले-मैं मुस्लिम विरोधी नहीं हूं, संघ मुस्लिम विरोधी नहीं है और न ही पीएम मोदी। नरेंद्र मोदी को उन्होंने अपना पुराना शुभचिंतक भी बताया। कहा कि वह देश के पीएम हैं, लेकिन मैं कभी उनका प्रचार नहीं करता।
तो माल्या से जिन-जिन के संबंध, सबको गिरफ्तार कराना चाहिए
राज्यसभा सदस्य पीएल पुनिया का दवा कि उन्होंने संसद में वित्त मंत्री अरुण जेटली और भगोड़े उद्योगपति विजय माल्या को चर्चा करते देखा है, क्या यह गलत है? इस सवाल पर अमर सिंह ने कहा माल्या को वह खुद भी जानते हैं। इसी तरह से जिन-जिनके माल्या से संबंध हैं, सबको गिरफ्तार करा देना चाहिए। बोले, पी.चिदंबरम और उनके बेटे कार्तिक चिदंबरम के कारनामे किससे छुपे हैं?