अभिरक्षक के नाम पर दर्ज होंगी सभी नौ शत्रु संपत्तियां, क्षेत्रीय लोगों को मिलेगा खरीदने का पहला अधिकार
कानपुर सदर की चिन्हित सभी नौ शत्रु संपत्तियां अभिरक्षक के नाम पर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने नगर निगम और एसडीएम घाटमपुर को पत्र भेजा है। अभिरक्षक का नाम दर्ज होने के बाद इन संपत्तियों की नीलामी होगी।
कानपुर, जागरण संवाददाता। शत्रु संपत्तियों का मूल्यांकन होने के बाद अब उनका मालिकाना हक लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सभी संपत्तियों को अभिरक्षक (कस्टोडियन) के नाम पर दर्ज कराया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने नगर निगम और घाटमपुर एसडीएम को पत्र भेज दिया है। शत्रु संपत्तियों के मालिकाना हक में अभिरक्षक का नाम दर्ज होने के बाद इन संपत्तियों की नीलामी की जाएगी। संपत्तियों को खरीदने का पहला अधिकार वहां रहने वालों को दिया जाएगा।
शत्रु संपत्ति अभिरक्षक की ओर से नौ संपत्तियों के मूल्यांकन के निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए थे। गुरुवार को इन संपत्तियों का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया। इनकी कीमत करीब 55 करोड़ रुपये आंकी गई है। संपत्तियों का मूल्यांकन पूरा होने के बाद अभिरक्षक की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि सभी नौ संपत्तियां उनके नाम पर दर्ज कराई जाएं। इसके बाद नगर निगम की सीमा में स्थित संपत्तियों के लिए नगर निगम को और घाटमपुर में स्थित संपत्तियों के लिए एसडीएम को पत्र भेजा जा चुका है। अगले सप्ताह में यह संपत्तियां शत्रु संपत्ति अभिरक्षक के नाम पर दर्ज हो जाएंगी, जिसके बाद नीलामी की प्रक्रिया होगी। बिक्री अथवा नीलामी की प्रकिया अभिरक्षक स्वयं करेंगे या जिला प्रशासन को अधिकार देंगे, अभी यह तय नहीं है।
बोले जिम्मेदार: सभी नौ संपत्तियों का म्यूटेशन (नामांतरण) अभिरक्षक के नाम पर कराने के लिए नगर निगम और घाटमपुर एसडीएम को निर्देश दिए गए हैं। नामांतरण के बाद संपत्तियों की बिक्री अथवा नीलामी पर अभिरक्षक निर्णय लेंगे। - विशाख जी अय्यर, जिलाधिकारी
इन नौ संपत्तियों के मालिक होंगे शत्रु संपत्ति अभिरक्षक
पाकिस्तानी नागरिक एस हुमायूं नजर की चार संपत्तियां
-89/75 पायनियर टेनरीज जाजमऊ
-90/76 पायनियर टेनरीज रिहायशी परिसर
-602 गोकुल अपार्टमेंट
-92/140 हीरामन का पुरवा
पाकिस्तानी नागरिक तज्जमल हुसैन की तीन संपत्तियां
-11/154 ग्वालटोली
-11/157 ग्वालटोली
-11/154 ग्वालटोली
पाकिस्तानी नागरिक नवाब पुत्र पीरा की दो संपत्तियां
-गाटा संख्या 1350 घाटमपुर में पांच बिस्वा जमीन
-गाटा संख्या 1345 घाटमपुर में एक बीघा एक बिस्वा जमीन का कुछ हिस्सा