अखिलेश बोले, एमएलसी चुनाव में अगर बिहार जैसी लूट न हुई तो सपा जीतेगी चुनाव
कन्नौज में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूपी में सिर्फ भ्रष्टाचार का विकास हुआ है और जनता परेशान है।
कन्नौज, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा है कि भाजपा सरकार में सिर्फ भ्रष्टाचार का विकास हुआ है। इसके अलावा यूपी में कोई विकास नहीं किया गया है, थानों में जमकर लूट हो रही है। किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करने वाली बीजेपी सरकार में धान को लूट लिया गया है। किसान परेशान है और आम जनता पर महंगाई और बेरोजगारी की मार है। कहा, सरकार ऐसे कानून बनाए, जिससे किसान को धान की सही कीमत मिल सके और आय दोगुनी हो सके। युवाओं को नौकरी व रोजगार मिल सके, बिजली बिल कम हो सके।
अखिलेश यादव ने कहा, एमएलसी चुनाव में यदि बिहार जैसी लूट न हुई तो सपा चुनाव जीतेगी। लोकसभा के चुनाव में भी जबरदस्ती चुनाव जीता गया। रेड कार्ड जारी किए गए, लाठियां चलाई गईं। वह आगामी चुनाव में सपा गठबंधन की बात पर टाल गए।
फर्रुखाबाद रोड स्थित रिश्तेदार के त्रयोदशी संस्कार में बुधवार को शामिल होने आए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि कन्नौज का विकास पूरी तरह से रोक दिया गया है। बीजेपी ने यूपी का विकास भी रोका है, जिससे प्रदेश बेहद पीछे चला गया है। उन्होंने कहा कि इस बार छिबरामऊ में सबसे ज्यादा वोटों से सपा जीतेगी। कन्नौज की तीनों ही विधानसभा सीटों पर सपा का परचम लहराएगा। उन्होंने प्रदेश सरकार से हटाई गई मंत्री को लेकर भी टिप्पणी की लेकिन नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा कि अबतक एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी पूरा नहीं हो पाया है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कोरोना संक्रमण के रोकथाम को लेकर लचर व्यवस्था पर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कोरोना फैल रहा है, आईसीयू नहीं, बिस्तर नहीं मिल पा रहे हैं। इसके बाद भी दिल्ली सरकार यूपी सरकार की तारीफ कर रही है। कोविड-19 में लोगों की जान चली गई है, कानपुर में एक बुजुर्ग को उपचार न मिलने से मौत की चर्चा हो रही है। बिजली के खुले तार लोगों की जान ले रहे हैं। प्रदेश में व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है। कोरोनो को लेकर जो दूसरे देश कर रहे हैं, वहीं भारत की सरकार को करना चाहिए, सच बोलना चाहिए और टेस्ट बढ़ाने चाहिए। टेस्ट नहीं बढ़ने पर कोरोना नहीं रोका जा सकेगा। पोलियो को जड़ से मुक्त करने में 14 वर्ष लगे। वही डेंगू से जान जा रही हैं। सरकार इस ओर भी इंतजाम नहीं कर पा रही है, लोग कोरोना में छतों से कूदकर जान दे रहे हैं।