चाल, चरित्र की बात करने वाली भाजपा का बदला चेहरा, प्रदेश में कायम जंगलराज : अजय कुमार Kanpur News
कांग्रेस जिला सचिव की हत्या के बाद शहर आए प्रदेश अध्यक्ष ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
कानपुर, जेएनएन। कांग्रेस के युवा नेता की हत्या के बाद शहर आए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा है कि हर जिले में रोजाना हत्या व लूट की घटनाएं हो रही हैं, उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम है। यहां की पुलिस अब नियंत्रण में नहीं है और अपराध बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश में बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू गुरुवार की दोपहर जाजमऊ पहुंचकर कांग्रेस के जिला सचिव शोएब खान की हत्या पर शोक व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। साथ ही न्याय न मिलने पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की बात कही। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चाल, चरित्र और चेहरे की बात करने वालों की भाजपा सरकार का चेहरा अब बदल चुका है। पूरे प्रदेश में अपराधियों का बोलबाला है और पुलिस भी केवल निर्दोषों को फंसा रही है।
प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि झांसी में पुष्पेंद्र यादव का फर्जी एनकाउंटर भी सरकार के नियंत्रण में पुलिस के न होने का सबूत है। देवरिया में व्यापारी की निर्मम हत्या की गई तो कुशीनगर समेत अब कोई भी जिला सुरक्षित नहीं रह गया है। शोएब खान हमारे परिवार का सदस्य था, जिसकी नृशंस हत्या की गई। उसे इंसाफ दिलाने के लिए पूरी पार्टी खड़ी है, अगर न्याय न मिला तो सभी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने हमे यहां भेजा है और उनकी सहानुभूति पीडि़त परिवार के साथ है। भाजपा भ्रष्टाचार व अपराध मिटाने का नारा देती थी लेकिन सरकार बनने के बाद हकीकत से कोसों दूर है।