हवाई नक्शे पर कानपुर से कनेक्ट हुआ कोलकाता, पहली फ्लाइट में आए 115 यात्री
गुरुवार दोपहर 1:05 बजे अहिरवां एयरपोर्ट पर पहुंचा विमान, कोलकाता के लिए 125 यात्रियों ने भरी उड़ान।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। दिल्ली और मुंबई के बाद हवाई नक्शे पर कानपुर से कोलकाता कनेक्ट हो गया। गुरुवार को कोलकाता से टेकऑफ होकर फ्लाइट संख्या जीएस 374 कानपुर में लैंड हुई। एयरपोर्ट डायरेक्टर ने सभी यात्रियों का स्वागत किया।
कानपुर से दिल्ली और मुंबई की फ्लाइट शुरू होने के बाद शहरवासी कोलकाता के लिए विमान सेवा की मांग कर रहे थे। गुरुवार को उनका यह सपना पूरा हो गया। कोलकाता से सुबह 11:30 बजे टेकऑफ हुई फ्लाइट दोपहर 1:05 मिनट पर अहिरवां एयरपोर्ट पर पहुंची। इसमें 115 यात्री आए। वापसी में ये फ्लाइट दोपहर 1:55 मिनट पर कानपुर से टेकऑफ हुई। इसमें 125 यात्रियों ने कोलकाता के लिए उड़ान भरी।
अहिरवां एयरपोर्ट के डायरेक्टर जमील खालिक ने बताया कि दिल्ली, मुंबई और कोलकाता के बाद अब अगली फ्लाइट कानपुर से बेंगलुरू की होगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय एवं स्पाइस जेट के अधिकारियों से बात हो चुकी है।
चेन्नई से आने वालों को राहत
चेन्नई से कानपुर के लिए फिलहाल सीधी या कनेक्टिंग फ्लाइट नहीं है लेकिन कोलकाता से आने वाली फ्लाइट बेहतर विकल्प बन सकती है। दरअसल ये फ्लाइट सुबह 8:20 मिनट पर चेन्नई से कोलकाता के लिए उड़ान भरती है। यहां कुछ देर रुकने के बाद यही कानपुर के लिए उड़ान भरेगी। कनेक्टिंग फ्लाइट न होने की वजह से कानपुर आने के इच्छुक यात्रियों को कोलकाता में दोबारा बोर्डिंग करानी होगी। |
2020 तक मवइया में टर्मिनल, अहिरवां में बढ़ेंगी यात्री सुविधाएं
मवइया में 2020 तक नए टर्मिनल का निर्माण हो जाएगा, तब तक वैकल्पिक रूप से अहिरवां एयरपोर्ट का विस्तार किए जाने की योजना पर काम चल रहा है। यहां पर एक अन्य प्रतीक्षालय के साथ ही टिकट काउंटर बढ़ाने की योजना है। गुरुवार को यह जानकारी अहिरवां एयरपोर्ट पर डायरेक्टर जमील खालिक ने दी। उन्होंने दावा किया कि कानपुर से हर माह 40 हजार यात्री देश-विदेश की यात्रा करते हैं। ऐसे में चार माह के अंदर यात्री सुविधाएं बढ़ाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। इसके लिए नक्शा तैयार हो चुका है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर अभी तक 70 यात्रियों के लिए ही प्रतीक्षालय है। नए प्रतीक्षालय की क्षमता 189 यात्रियों की होगी। ठंड के मौसम को देखते हुए दीपावली के बाद आइएलएस (इंस्ट्रूमेंट्स लैंडिंग सिस्टम) लगाया जाएगा।
40 एकड़ में होगा नए टर्मिनल का निर्माण
अहिरवां एयरपोर्ट से चार किमी दूर मवइया गांव में 40 एकड़ में नया टर्मिनल वर्ष 2020 तक बनकर तैयार हो जायेगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग के द्वारा बाउंड्रीवाल का काम पूरा कर लिया गया है। यहां 300 यात्रियों की क्षमता वाला प्रतीक्षालय, राष्ट्रीय राजमार्ग से एयरपोर्ट तक फोरलेन सड़क बनेगी। यहां यात्रियों का सामान विमान तक लाने ले जाने के लिए कनवेयर बेल्ट भी लगाई जाएगी। अभी यह व्यवस्था मैनुअल है।