विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 31, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कानपुर से कोलकाता के लिए 28 मार्च से उड़ान, विमानन कंपनी ने जारी किया शेड्यूल

By Abhishek AgnihotriEdited By:
Published: Thu, 31 Dec 2020 06:44 AM (IST)

चकेरी एयरपोर्ट अथॉरिटी की सहमति के बाद उड़ान का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। कोलकाता व बेंगलुरु के लिए ...और पढ़ें

कानपुर से कोलकाता की उड़ान शुरू होने से व्यापारियों को राहत।
कानपुर से कोलकाता की उड़ान शुरू होने से व्यापारियों को राहत।

कानपुर, जेएनएन। कोलकाता के लिए लंबे समय से फ्लाइट शुरू करने की मांग जल्द पूरी होने वाली है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने चकेरी एयरपोर्ट से कोलकाता के लिए विमान सेवा 28 मार्च से शुरू करने के निर्देश दिए हैं। विमानन कंपनी ने बुधवार रात इसका शेड्यूल भी जारी कर दिया। हालांकि एयरपोर्ट अथॉरिटी के समय संशोधन प्रस्ताव के बाद समय में परिवर्तन किया जा सकता है।

चकेरी एयरपोर्ट से कोलकाता व बेंगलुरु के लिए विमान सेवा नवंबर 2018 में शुरू हुई थी। कोविड संक्रमण के चलते मार्च 2019 में दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद के साथ ये दोनों विमान सेवाएं बंद कर दी गईं। चूंकि कानपुर से कोलकाता के बीच मजबूत औद्योगिक और व्यापारिक रिश्ते हैं, ऐसे में दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद के लिए विमान सेवा शुरू होते ही कोलकाता के लिए भी विमान की मांग तेज हो गई थी। एयरपोर्ट निदेशक बीके झा ने बताया कि विमानन कंपनी ने शेड्यूल जारी कर दिया है। 28 मार्च से 30 अक्टूबर तक विमान उड़ाने की अनुमति दी गई है।

कोलकाता से विमान शाम 5:15 बजे चकेरी एयरपोर्ट आएगा, जबकि यहां से 5:45 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरेगा। एयरपोर्ट निदेशक ने बताया कि विमानन कंपनी ने जो समय तय किया है उस समय पर मुंबई के लिए विमान है। ऐसे में समय परिवर्तन के लिए विमानन कंपनी को मेल भेजा गया है। एयरपोर्ट निदेशक ने दोपहर 3:30 बजे आगमन और शाम 4 बजे उड़ान का प्रस्ताव दिया है।

विमानन कंपनी द्वारा जारी शेड्यूल

-28 मार्च से 30 अक्टूबर तक उड़ेगा विमान

-5:15 बजे कोलकाता से चकेरी एयरपोर्ट आएगा

-5:45 बजे चकेरी से कोलकाता जाएगा