मुंबई जाने के लिए मिला फ्री एयर टिकट, मजलिस में शामिल होने गए डॉ. जुल्फिकार
कानपुर चकेरी एयरपोर्ट में टिकट पर लिखे समय के आधार पर डॉ जुल्फिकार पहुंचे थे लेकिन मुंबई जाने वाली फ्लाइट उड़ान भर चुकी थी इसपर उन्होंने विमानन कंपनी के अफसरों से शिकायत की थी लेकिन सुनवाई नहीं हुई। बाद में उन्हें दूसरे दिन का फ्री टिकट दिया गया।
कानपुर, जेएनएन। मुंबई की फ्लाइट के बदले हुए समय की जानकारी न होने पर ग्वालटोली के डॉ. जुल्फिकार अली रिजवी की फ्लाइट शनिवार को छूट गई थी। इस मामले को दैनिक जागरण डॉट कॉम ने उठाया तो खबर का संज्ञान लेकर विमानन कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें दूसरे दिन मुंबई के लिए निश्शुल्क टिकट दिया। इसके बाद वह अपने भतीजे की मजलिस में समय से शामिल हो सके।
ग्वालटोली के डॉ. जुल्फिकार ने 23 अक्टूबर को मुंबई जाने के लिए टिकट आरक्षित कराया था। उन्हें फ्लाइट का समय दोपहर 3:30 बजे बताया गया और यही समय उनके टिकट पर भी दर्ज था। शनिवार को वह टिकट पर दर्ज समय के मुताबिक एयरपोर्ट पहुंचे तो जानकारी हुई कि फ्लाइट मुंबई के लिए उड़ चुकी है। डॉ. जुल्फिकार ने बताया कि मुंबई में भतीजे की एक्सीडेंट में मौत हो गई थी। रविवार को उसकी मजलिस में शामिल होना था।
विमान कंपनी ने अचानक समय बदल दिया और उन्हें कोई सूचना नहीं दी। जब उन्होनें विमान कंपनी के कर्मचारियों से शिकायत की तो बताया गया कि किराया वापस नहीं होगा। दैनिक जागरण ने इस समस्या पर विमानन कंपनी के अधिकारियों से बात की तो बताया गया कि उन्हें टिकट मुहैया करा दिया जाएगा। डॉ. जुल्फिकार ने बताया कि रविवार सुबह विमानन कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें फोन पर टिकट देने की जानकारी दी। उसी दिन दोपहर 12:45 बजे वह मुंबई के लिए रवाना हो गए।