दीपावली पर शहर को 'गैस चैंबर' की बदनामी से बचाने के लिए प्रशासन कर रहा ये तैयारी Kanpur News
आतिशबाजी के धुएं से निपटने के लिए सड़क किनारे पानी का छिड़काव और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर है।
कानपुर, जेएनएन। दीपावली पर आतिशबाजी से शहर की हवा प्रदूषित हो जाती है। वायुमंडल में 'जहरीली गैसों' की मात्रा कई गुना अधिक हो जाने से शहर के ऊपर 'गैस चैंबर' बन जाता है। पिछले साल भी यही हालात हुए थे। इसे लेकर कानपुर की देशभर में बदनामी हुई थी। इस बार ऐसे हालात न हों इसके लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए सड़कों पर पानी का छिड़काव करने, कूड़ा जलने पर पाबंदी, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने जैसे इंतजाम किए जा रहे हैं।
इसके अलावा वायु गुणवत्ता सूचकांक को नियंत्रित रखने के लिए जिला प्रशासन, उप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी मंथन भी करेंगे। इसमें आइआइटी कानपुर, एचबीटीयू और सीएसए कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से नगर निगम, केस्को, आरटीओ, पीडब्ल्यूडी, जल निगम, ट्रैफिक पुलिस समेत अन्य विभागों को एडवाइजरी पहले ही जारी कर दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में पुआल और कृषि अपशिष्ट न जलें इसके लिए पुलिस-प्रशासन को निर्देशित किया गया है। सड़क पर समय से कूड़ा उठान और स्मार्ट सिटी के तहत लगे कैमरे में कूड़ा जलाने वाले स्थानों पर नजर रखी जा रही है। डीएम विजय विश्वास पंत के मुताबिक दीपावली पर वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। इसे रोकने के लिए कार्ययोजना बनाई गई है। जल्द ही बैठक कर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
ये होगी तैयारी
- चकेरी से चौबेपुर तक ट्रैफिक व्यवस्था सही रखने पर जोर।
- वीआइवी रोड पर लगने वाले जाम को रोकने की तैयारी
- औद्योगिक इकाईयों का कुछ देर के लिए शटडाउन लिया जाएगा।
- बिजली आपूर्ति में कटौती नहीं होगी।
- अत्यधिक ऊंचाई पर धुआं फैलाने वाले पटाखों की बिक्री सीमित की जाएगी।