माखी कांड में दुष्कर्म के आरोपित विधायक कुलदीप सिंह के भाई की हार्ट अटैक से मौत Unnao News
पीडि़ता की कार हादसे मामले में भी नामजद था दिल्ली के अस्पताल में मौत हुई है।
उन्नाव, जेएनएन। माखी कांड में दुष्कर्म के आरोपित विधायक कुलदीप सेंगर के छोटे भाई और रायबरेली दुर्घटना मामले में नामजद मनोज सिंह की रविवार को मौत हो गई। दिल्ली के प्रीत विहार स्थित मेट्रो हॉस्पिटल में हार्ट अटैक से उनकी मौत हुई है।
दुष्कर्म के आरोपित भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के छोटे भाई मनोज सिंह सेंगर दुष्कर्म पीडि़ता की कार हादसे के मामले में मनोज सिंह भी आरोपित थे। मनोज की शनिवार दोपहर से ही अचानक तबियत बिगडऩे लगी थी। परिचितों के मुताबिक बदन दर्द और उलझन महसूस होने पर डॉक्टर से बात करके उनको दवा दी गई थी। रात 12 बजे के बाद उनकी तबियत ज्यादा बिगडऩे लगी। इसपर साथी और रिश्तेदार उन्हें दिल्ली के प्रीत विहार के मेट्रो हॉस्पिटल ले गए, जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बड़े भाई विधायक कुलदीप सिंह सेंगर और छोटे भाई अतुल सिंह के जेल में रहने के दौरान मनोज ही सभी मामलों की पैरवी कर रहे थे। रायबरेली जेल जाते समय दुर्घटना में दुष्कर्म पीडि़ता की चाची सहित दो की मौत और वकील महेंद्र के घायल होने के मामले में चाचा द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में मनोज सहित दस लोगों को नामजद किया गया था। सुप्रीम कोर्ट द्वारा कुलदीप और अतुल के साथ उन पर दर्ज मामले की सुनवाई दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में सुनवाई का आदेश होने के बाद से वह दिल्ली में ही रहकर मामले की पैरवी कर रहे थे।